Agra News: थार की टक्कर से युवक की मौत, फिर सड़क पर ऐसा बवाल कि पुलिस भी रह गई बेबस

आगरा के फतेहाबाद में सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हुआ। थार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी और पुलिस पर पथराव कर दिया। घटना में 11 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 16 June 2026, 11:26 AM IST
google-preferred

Agra: आगरा के फतेहाबाद में एक सड़क हादसे ने देखते ही देखते बड़ा बवाल खड़ा कर दिया। तेज रफ्तार थार कार की टक्कर से बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि भीड़ ने थार कार में जमकर तोड़फोड़ कर दी और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले में एक इंस्पेक्टर, पांच दरोगा समेत 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए। बिना तैयारी के मौके पर पहुंची पुलिस को काफी देर तक भीड़ के आक्रोश का सामना करना पड़ा। बाद में कई थानों की फोर्स बुलाकर स्थिति को नियंत्रण में किया गया।

थार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

मामला फतेहाबाद थाना क्षेत्र के फिरोजाबाद मार्ग पर पूठपुरा गांव के पास का है। सोमवार को थार कार ने बाइक सवार युवक मनीष को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि थार कार ने इसके अलावा कई अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में लिया था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सड़क पर जाम लगा दिया।

शव सड़क पर रखकर तीन घंटे तक हंगामा

हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों ने एंबुलेंस से शव निकालकर सड़क पर रख दिया और कार्रवाई की मांग करने लगे। उनका आरोप था कि पुलिस ने थार चालक को मौके से भगा दिया और वाहन को भी नहीं पकड़ा गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि थार को करीब 500 मीटर दूर पेट्रोल पंप पर खड़ा कराया गया है और उसे सीज किया जाएगा। इसके बाद भी ग्रामीण शांत नहीं हुए।

आगरा में नकली दवाओं का बड़ा खेल! एफएसडीए ने जब्त की 3.80 करोड़ की दवाएं, फर्मों पर छापे से मचा हड़कंप

पेट्रोल पंप पर पहुंचकर थार में की तोड़फोड़

जब पुलिस ने ग्रामीणों को वीडियो कॉल के जरिए थार दिखाया तो बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल पंप पहुंच गए। गुस्साई भीड़ ने थार कार में जमकर तोड़फोड़ कर दी। कुछ लोग गाड़ी में आग लगाने की कोशिश करने लगे। पुलिसकर्मियों ने जब रोकने की कोशिश की तो भीड़ ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए पथराव से पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।

पथराव में पुलिसकर्मी हुए घायल

पथराव इतना तेज था कि पुलिसकर्मी खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। करीब 15 मिनट तक पुलिस टीम पर पत्थर बरसते रहे। इस हमले में फतेहाबाद क्राइम इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम पाल समेत 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए। कई पुलिसकर्मियों के सिर में चोट आई है। वहीं कुछ पुलिसकर्मियों की वर्दी तक फट गई। घायल पुलिसकर्मियों में चौकी इंचार्ज लुहारी देवेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक अखिलेश, धीरेन्द्र यादव, आकाश कुमार, अनुज कुमार, महिला सिपाही वर्षा और अनुराधा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं।

दंगा नियंत्रण उपकरणों की कमी पर उठे सवाल

घटना के बाद पुलिस की तैयारियों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के पास हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर और पर्याप्त दंगा नियंत्रण उपकरण नहीं थे। यही वजह रही कि अचानक हुए पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों के सामने भीड़ का गुस्सा भांपने में चूक हुई और हालात तेजी से बिगड़ गए।

गांव में नहीं रहते नाबालिग बेटे, फिर भी मुकदमों में डाल दिया नाम, आगरा कमिश्नर ऑफिस पहुंची मां का छलका दर्द

मृतक की पांच महीने पहले हुई थी शादी

हादसे में जान गंवाने वाला युवक मनीष आगरा के बहादुरपुर, खासपुर क्षेत्र का रहने वाला था। मनीष कपड़े की दुकान पर काम करता था। उसकी शादी इसी साल फरवरी महीने में हुई थी। वह अपनी ससुराल से फतेहाबाद के पिन्नापुरा गांव में एक रिश्तेदार के लगन समारोह में शामिल होने आया था। इसी दौरान हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। मनीष की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी वाले घर में भी मातम छा गया।

साढ़े तीन घंटे बंद रहा फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग

हंगामे के कारण फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग करीब साढ़े तीन घंटे तक पूरी तरह बंद रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने बाद में उजावली गांव के सर्विस रोड और भोलपुरा रोड से वाहनों को डायवर्ट कर यातायात व्यवस्था संभाली।

तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात

घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पूठपुरा गांव के पास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पोस्टमार्टम हाउस पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फिलहाल पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Location :  Agra

Published :  16 June 2026, 11:26 AM IST

Advertisement