कासगंज में दिल दहला देने वाली वारदात, बेटे के सामने मां की बेरहमी से हत्या, जानिये रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला

कासगंज के अमापुर थाना क्षेत्र के भबूपुरा गांव में 35 वर्षीय महिला रुचि की पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के पति ने तहेरे भाई नीरज और उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना का चश्मदीद 8 साल का बेटा है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Updated : 6 March 2026, 11:22 AM IST
google-preferred

Kasganj: उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद के अमापुर थाना क्षेत्र के भबूपुरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 35 वर्षीय महिला की कथित तौर पर उसके ही रिश्तेदारों द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका का शव आरोपी के घर में मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

तहेरे जेठ और उसके परिवार पर हत्या का आरोप

मृतक महिला की पहचान रुचि (35 वर्ष), पत्नी पवन कुमार के रूप में हुई है। आरोप है कि रुचि के तहेरे जेठ नीरज और उसके परिवार वालों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी नीरज मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने नीरज की पत्नी और उसके बेटे-बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

UP Crime: सौतेली मां से मारपीट करने वाले बेटे को पिता ने किया ये हाल, जानें क्या है पूरी खबर?

पति ने लगाया गंभीर आरोप

मृतका के पति पवन कुमार, जो लखनऊ में एक निजी कंपनी में काम करते हैं, ने बताया कि वह होली के त्योहार पर घर आए थे। गुरुवार को वह वापस लखनऊ के लिए निकल गए थे। रास्ते में जब वह अलीगढ़ पहुंचे, तभी उनके 8 वर्षीय बेटे हार्दिक ने फोन कर बताया कि उसकी मां को ताऊ नीरज और उनके परिवार वाले मार रहे हैं।

पवन ने बताया कि बेटे की सूचना मिलने के बाद उन्होंने गांव के कुछ लोगों को फोन कर जानकारी ली। तब पता चला कि नीरज उनकी पत्नी रुचि को खींचकर अपने घर ले गया है। इसके बाद उन्होंने अलीगढ़ से ही पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी।

पुलिस पहुंची, लेकिन अस्पताल में हुई मौत

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला की हालत गंभीर हो चुकी थी। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दो साल से गांव में रह रही थी महिला

परिजनों के अनुसार, रुचि पिछले दो साल से अपने गांव में ही रह रही थी। वह अपने 8 वर्षीय बेटे हार्दिक के साथ ससुराल में रहती थी, जबकि उसका पति पवन लखनऊ में नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि रुचि गांव में खेती-किसानी का काम भी संभाल रही थी और बेटे की पढ़ाई का भी ध्यान रखती थी।

मासूम बेटे ने बताई पूरी घटना

घटना का सबसे बड़ा चश्मदीद मृतका का बेटा हार्दिक है। उसने बताया कि ताऊ नीरज और उनके परिवार वाले घर आए और उसकी मां को जबरन उठाकर अपने घर ले गए। वहां कमरे में बंद कर उसकी मां की बेरहमी से पिटाई की गई।

हार्दिक ने बताया कि वह डर गया और अपने दोस्त के घर जाकर वहां से पुलिस को फोन किया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी मां को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

UP Crime: देवरिया में शिक्षक ने उठाया खौफनाक कदम, इलाके में शोक; यहां पढ़िये पूरा मामला

आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश

अमापुर पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी नीरज घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। वहीं हिरासत में लिए गए परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location : 
  • Kasganj

Published : 
  • 6 March 2026, 11:22 AM IST

Advertisement
Advertisement