हिंदी
घटनास्थल पर जुटी भीड़ (सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद के नौतनवा नगर के आंबेडकर नगर वार्ड निवासी अशोक यादव की मंगलवार शाम करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस्मान नगर वार्ड में उस समय हुआ जब वह भैंस चराने के दौरान हैंडपंप से पानी पीने गए थे। परिजनों के पोस्टमार्टम कराने से इनकार करने पर पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद, नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी के हस्तक्षेप से शव को देर रात पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7 बजे अशोक यादव अपनी भैंस चराने उस्मान नगर वार्ड के एक खेत के पास गए थे। वहां पास के हैंडपंप पर पानी पीने के दौरान करंट की चपेट में आ गए। स्थानीय बच्चों ने खेत के पास गड्ढे में उनका शव देखा और लोगों को सूचना दी।
घटनास्थल से बरामद किए साक्ष्य
पुलिस ने घटनास्थल के पास एक निर्माणाधीन मकान से मृतक का गमछा, छाता और छड़ी बरामद की। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि हैंडपंप में पहले से करंट उतर रहा था, जिसकी शिकायतें स्थानीय लोगों ने पहले भी की थीं।
मौके पर पुलिस की कार्रवाई
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि मृतक के पुत्र की लिखित सूचना के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों ने किया विरोध
जानकारी के अनुसार, परिजन शुरू में पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं थे, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। स्थानीय स्तर पर समझाने की कोशिश नाकाम रही। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने थाने पहुंचकर परिजनों से बातचीत की और उन्हें समझा-बुझाकर पोस्टमार्टम के लिए राजी किया।
वहीं स्थानीय स्थानीय लोगों ने बताया कि इस हादसे ने प्रशासन की लापरवाही पर सवाल खड़े किए हैं। यह घटना क्षेत्र में बिजली सुरक्षा और रखरखाव की कमी को उजागर करती है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। दरअसल, इस मामले में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि मृतक अशोक यादव के बेटे की लिखित सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
Location : Maharajganj
Published : 2 July 2025, 8:48 AM IST
Topics : Electric Hazard Local administration Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Public Safety uttar pradesh