हिंदी
महराजगंज के निचलौल थाना क्षेत्र के कन्मीसवा गांव में सड़क निर्माण कार्य पर तैनात गार्ड सूरज सिंह की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ड्यूटी के दौरान अचेत मिले गार्ड को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के परिजन
Maharajganj: निचलौल थाना क्षेत्र से एक बार फिर ऐसा मामला सामने आया है। जिसने लोगों को चौंका दिया है। कन्मीसवा गांव में चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान तैनात एक गार्ड की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ड्यूटी के वक्त गार्ड का इस तरह अचेत अवस्था में मिलना और फिर अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया जाना, कई सवाल खड़े कर रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस भी मामले को गंभीरता से जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान सूरज सिंह के रूप में हुई है। जिनकी उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। वह गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र के ठठवली गांव के रहने वाले थे। सूरज सिंह निचलौल क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्य में गार्ड की जिम्मेदारी निभा रहे थे और रोज की तरह ड्यूटी पर मौजूद थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह ड्यूटी उनकी आखिरी साबित होगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब निर्माण कार्य से जुड़े अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो सूरज सिंह जमीन पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। पहले तो लोगों ने सोचा कि शायद तबीयत खराब होगी लेकिन जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उन्हें निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गार्ड की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार का माहौल बन गया। वहीं, घटना की खबर गांव और आसपास के इलाकों में फैलते ही लोग भी स्तब्ध रह गए। कई लोगों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
महराजगंज बस स्टेशन का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, गंदगी पर लगाई फटकार, दिए ये सख्त निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही निचलौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। पुलिस सड़क निर्माण स्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।