हिंदी
भाजपा नेता राधामोहन सिंह को अज्ञात बदमाशों ने मारी गोली
Gorakhpur: जनपद के गगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत भैंसहां गांव में मंगलवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब भाजपा नेता और लीलावती सिंह स्मारक इंटर कॉलेज भैंसहां के प्रबंधक राधामोहन सिंह को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। घटना रात करीब 8:45 बजे की बताई जा रही है। हमले में उन्हें पीठ में गोली लगी है, हालांकि चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राधामोहन सिंह किसी कार्य से घर से बाहर जा रहे थे। इसी दौरान रकहट और भैंसहां के बीच स्थित बंधे पर बाइक सवार बदमाशों ने अचानक उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वे मौके पर गिर पड़े। हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही गगहा थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल भाजपा नेता को पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गगहा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने पीठ में गोली फंसी होने की पुष्टि की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ बांसगांव और एसपी साउथ दिनेश कुमार पूरी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने भैंसहां गांव समेत आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। वहीं, जिला अस्पताल में भाजपा नेता के समर्थकों और शुभचिंतकों की सैकड़ों की संख्या में भीड़ जुट गई। जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस ने हमलावरों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही संदिग्ध बाइक सवारों की पहचान के प्रयास भी किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Location : गोरखपुर
Published : 4 February 2026, 12:28 AM IST
Topics : GKP news hindi Gorakhpur Dn news up news hindi