विदेश में प्यार, शादी और फिर देश में दूसरा निकाह, इंसाफ के लिए मुजफ्फरनगर पहुंची महिला

मुजफ्फरनगर में कुवैत में हुई लव मैरिज के बाद बेवफाई का मामला सामने आया है। आंध्र प्रदेश की महिला ने अपने पति पर धोखा देकर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। एक साल की बच्ची के साथ पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 4 February 2026, 12:09 AM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से सामने आया यह मामला प्यार और भरोसे पर यकीन करने वालों को झकझोर कर रख देने वाला है। विदेश में शुरू हुआ प्यार, वहीं हुई शादी और अब भारत लौटते ही बेवफाई का आरोप। यह कहानी सिर्फ रिश्तों के टूटने की नहीं, बल्कि एक महिला और उसके मासूम बच्चे के भविष्य की भी है। इंसाफ की तलाश में आंध्र प्रदेश की रहने वाली एक महिला अपने एक साल की बच्ची को गोद में लेकर मुजफ्फरनगर पुलिस के दरवाजे तक पहुंच गई।

कुवैत में हुई मुलाकात

पीड़िता शेख सैयदानी की मुलाकात मुजफ्फरनगर के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला लद्दावाला निवासी मोहम्मद आरजू से कुवैत में हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने कुवैत में ही शादी कर ली। शादी के कुछ समय बाद दोनों भारत लौटे, लेकिन यहीं से रिश्ते में दरार आनी शुरू हो गई।

पत्नी को छोड़कर लौटा भारत, किया दूसरा निकाह

पीड़िता का आरोप है कि मोहम्मद आरजू उसे आंध्र प्रदेश में यह कहकर छोड़कर आया था कि वह जल्द ही वापस लेने आएगा। लेकिन वह न तो लौटा और न ही संपर्क में रहा। इसी दौरान महिला ने अपने पति के मोबाइल स्टेटस पर उसकी दूसरी शादी की जानकारी देखी, जिससे वह पूरी तरह टूट गई। आरोप है कि पति और उसके परिवार वालों ने न सिर्फ उसे अपनाने से इनकार कर दिया, बल्कि बच्चे को भी अपना नहीं बताया।

बच्ची को लेकर मुजफ्फरनगर पहुंची पीड़िता

लंबे इंतजार और मानसिक प्रताड़ना के बाद शेख सैयदानी मंगलवार को अपनी एक साल की बच्ची को लेकर मुजफ्फरनगर पहुंची और नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता का कहना है कि उसके पास शादी से जुड़े फोटो, वीडियो और सबूत मौजूद हैं, फिर भी उसे हर जगह से निराशा हाथ लग रही है। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने उससे गहने और एक लाख रुपये भी लिए और फिर धोखा दे दिया।

घर में बिजली की सप्लाई होने से पहले चोरी कर लेते थे ट्रांसफार्मर, मुजफ्फरनगर पुलिस ने किया बड़े गैंग का पर्दाफाश

पुलिस ने शुरू की जांच

इस पूरे मामले पर सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि 3 फरवरी को एक महिला कोतवाली नगर थाने पहुंची थी। जिसने खुद को आंध्र प्रदेश का निवासी बताया। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति उसे छोड़ चुका है और वह उसे ढूंढने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location : 
  • Muzaffarnagar

Published : 
  • 4 February 2026, 12:09 AM IST

Advertisement
Advertisement