हिंदी
खुद आग बुझते जिला कृषि अधिकारी (Img : Dynamite News)
महराजगंज: जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। अब पराली जलाने वाले किसानों को केवल चेतावनी देकर नहीं छोड़ा जा रहा, बल्कि उनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई भी की जा रही है। मंगलवार को जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह खुद खेतों में पहुंचे और जलती पराली को बुझवाने के साथ किसानों को जागरूक किया। जिले में अब तक पराली जलाने के मामलों में 95 किसानों पर जुर्माना लगाया जा चुका है।
जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह
जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह निचलौल क्षेत्र के बरवा कृपाल गांव पहुंचे, जहां एक किसान खेत में पराली जला रहा था। उन्होंने तत्काल मौके पर पहुंचकर जलती पराली बुझवाई और संबंधित किसान के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की। इस दौरान उन्होंने आसपास मौजूद किसानों को चेतावनी दी कि पराली जलाने की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने किसानों को समझाया कि पराली जलाने से केवल वायु प्रदूषण ही नहीं बढ़ता, बल्कि मिट्टी की ऊपरी सतह पर मौजूद लाभकारी जीवाणु और मित्र कीट भी नष्ट हो जाते हैं। इससे जमीन की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है और धीरे-धीरे खेतों की उत्पादन क्षमता भी कम होने लगती है।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को पराली के उचित निस्तारण और उपयोग के विकल्प भी बताए। उन्होंने कहा कि किसान पराली को खेतों में जलाने के बजाय बाहर निकालकर गोसदन भेज सकते हैं, जहां इसके बदले उन्हें आर्थिक लाभ भी मिल सकता है। इसके अलावा पराली से कम्पोस्ट खाद तैयार कर खेतों की उर्वरा शक्ति बढ़ाई जा सकती है।
महराजगंज: लक्ष्मीपुर में विकास योजनाओं की समीक्षा में जुटे नए BDO, लापरवाही पर दी चेतावनी
निचलौल ब्लॉक के पिपरपाती और परागपुर गांवों में भी पराली जलाए जाने की सूचना पर जिला कृषि अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां जलती पराली बुझवाई और किसानों को इसके नुकसान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि पराली जलने से निकलने वाला जहरीला धुआं वातावरण को प्रदूषित करता है। इसका दुष्प्रभाव केवल खेतों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ता है।
कृषि विभाग के अनुसार जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अब तक 95 किसानों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जा चुकी है। जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि पराली जलाने की घटनाओं की जांच आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कृषि विभाग की इस सख्ती से साफ है कि प्रशासन पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चला रहा है। विभाग की ओर से किसानों को जागरूक करने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी जारी है।
Location : Maharajganj
Published : 18 November 2026, 7:53 PM IST
Topics : Air Pollution Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Shailendra Pratap Singh Uttar Pradesh News