हिंदी
मेरठ: दिल्ली हाईवे पर बेकाबू कार ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मारी जिससे साइकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार मृतक की पहचान परतापुर के बराल निवासी हिमांशु (20) पुत्र रमेश पाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मृतक हिमांशु दिल्ली हाईवे स्थित अंसल की सुशांत सिटी कॉलोनी में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। वह दिन में पढाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता था। रात में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था।

रोजाना की तरह शुक्रवार की सुबह ड्यूटी खत्म करने के बाद घर लौट रहा था। दिल्ली हाईवे पर दोआब विलास होटल के समीप पीछे से आई कार (स्विफ्ट) ने हिमांशु की साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार कार की टक्कर के बाद करीब आठ फीट हवा में उछलने के बाद साइकिल सवार कार के बोनेट पर गिर गया। कार के अगले हिस्से में साइकिल फंस गई। बोनेट पर घायल अवस्था में पड़े गार्ड को लेकर चालक ने करीब दो सौ मीटर तक कार को दौड़ाई। कार की घेराबंदी करने वाले दो युवकों को भी चालक ने कुचल दिया।
चालक मोहित निवासी दिल्ली ने उसके बाद भी कार को नहीं रोका। हादसे को देखकर डुंगरावली निवासी पवन कुमार और खतौली मुजफ्फरनगर निवासी वकील ने कार को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि कार को कब्जे में लिया गया है और चालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जाचं जारी है।
Published : 16 March 2025, 11:20 AM IST
Topics : Delhi Highway Accident hit and run Meerut Accident meerut city crime meerut news meerut police Road Accident In Meerut Uttar Pradesh News