हिंदी
फतेहपुर: राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार संगठनात्मक समीक्षा कर रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने फतेहपुर का दौरा किया।
प्रेसवार्ता के दौरान रामाशीष राय ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की मजबूती, एनडीए की मजबूती है। आगामी पंचायत एवं स्थानीय निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन अपने पुराने जनाधार को पुनः जोड़ने का कार्य कर रहा है। रालोद कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से संगठन विस्तार में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह को बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार और शिक्षा राज्यमंत्री का दायित्व सौंपा गया है। इसके माध्यम से वह केंद्र सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने में जुटे हैं।
रामाशीष राय ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल हमेशा गांव, किसान और युवाओं के हित में काम करता रहा है। भारत रत्न चौधरी चरण सिंह का सपना था कि गांवों में कुटीर उद्योगों को बढ़ावा दिया जाए और युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जाए। वर्तमान केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोकदल प्रदेश के सभी जिलों में समीक्षा बैठक कर रहा है। इन बैठकों में संगठन विस्तार के लिए ठोस योजनाएं और कार्यक्रम तय किए जाएंगे, जिससे पार्टी आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन कर सके।
Published : 28 February 2025, 6:33 PM IST
Topics : Breaking News Dynamite News Fatehpur Fatehpur Politics Hindi News Political News RLD RLD Leaders uttar pradesh