हिंदी
लुधियाना में रूह कंपाने वाली वारदात (Img- Internet)
Ludhiana: पंजाब के लुधियाना से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक नाबालिग लड़की के साथ लंबे समय तक कथित दुर्व्यवहार, बंधुआ मजदूरी और मानव तस्करी का सनसनीखेज खुलासा हुआ है।
पीड़िता, जिसकी उम्र अभी लगभग 16 वर्ष है, ने पुलिस को आपबीती बताते हुए कहा कि जब वह मात्र दो साल की मासूम बच्ची थी, तब उसके सगे पिता ने ही उसे एक दंपती के हवाले कर दिया था। इसके बाद शुरू हुआ प्रताड़ना का वो खौफनाक दौर जो सालों-साल चलता रहा।
पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि उसके पिता मनोज (जिनका दो साल पहले निधन हो चुका है) अत्यधिक नशे के आदी थे। उनके इसी हिंसक और खराब व्यवहार से तंग आकर पीड़िता की माँ रानी बहुत पहले ही अपने मायके चली गई थी। माँ के घर छोड़ते ही पिता ने अपनी दो साल की मासूम बेटी को हीरा राम और रेखा नामक दंपती को सौंप दिया।
आरोप है कि इस दंपती ने बच्ची को बेटी बनाकर रखने के बजाय एक बंधुआ मजदूर की तरह रखा। मामूली बातों पर उसे बेरहमी से पीटा जाता था और उसके साथ जानवरों जैसा अमानवीय व्यवहार किया जाता था।
जुल्म की दास्तान यहीं खत्म नहीं हुई। जब पीड़िता बड़ी होकर लगभग 16 वर्ष की हुई, तो हीरा राम और रेखा ने कथित तौर पर मोटी रकम के बदले उसे साहिल और मीना नाम के अन्य लोगों को बेच दिया। पीड़िता का आरोप है कि नए ठिकाने पर आरोपी साहिल ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ लगातार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस भयानक शोषण के कारण नाबालिग लड़की गर्भवती हो गई और उसने एक बच्चे को जन्म दिया।
इस नरक से निकलने के लिए पीड़िता लगातार मौके की तलाश में थी। आखिरकार किसी तरह हिम्मत जुटाकर वह आरोपियों के चंगुल से भाग निकली और अपनी माँ रानी के पास पहुँच गई। माँ की गोद में वह अब सुरक्षित तो है, लेकिन खौफ का साया अभी भी बरकरार है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मुख्य आरोपी साहिल और उसके साथी अब भी उसका और उसकी माँ का लगातार पीछा कर रहे हैं और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता ने सबसे पहले दिल्ली में अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। दिल्ली पुलिस द्वारा 'जीरो एफआईआर' दर्ज करने के बाद इस केस को लुधियाना पुलिस के पास ट्रांसफर किया गया। अब लुधियाना के थाना जमालपुर की पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल, मीना, हीरा राम और रेखा के खिलाफ अपहरण, मानव तस्करी, जबरन शारीरिक संबंध और मारपीट सहित कई संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Location : Ludhiana
Published : 15 June 2026, 10:46 AM IST