सहकर्मियों के सामने पिटाई से टूटा युवक का हौसला, ‘अब मुंह दिखाने लायक नहीं रहा’ कह फंदे पर लटका; जानिये पूरा मामला

पिंजौर की रतपुर कॉलोनी में कंपनी बस ड्राइवर की मारपीट और अपमान से आहत होकर 37 वर्षीय कुशल कुमार ने सुसाइड कर लिया। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर रोहित के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 28 June 2026, 3:02 PM IST
google-preferred

Pinjore: मानसिक प्रताड़ना और सामाजिक अपमान किसी व्यक्ति को किस हद तक तोड़ सकता है, इसका एक दुखद उदाहरण पिंजौर की रतपुर कॉलोनी में देखने को मिला है। यहाँ रहने वाले 37 वर्षीय कुशल कुमार ने कंपनी बस के ड्राइवर द्वारा की गई मारपीट और सबके सामने हुई बेइज्जती से आहत होकर फंदा लगा लिया। चंडीगढ़ के जीएमसीएच-32 अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

ड्यूटी पर जाते समय रास्ते में हुआ विवाद

मृतक कुशल कुमार हिमाचल प्रदेश के बरोटीवाला स्थित 'माइक्रो सीमलैस' कंपनी में काम करते थे। रोज की तरह 25 जून की शाम को वह कंपनी की स्टाफ बस से अपनी ड्यूटी के लिए निकले थे। लेकिन उसी रात करीब 10:30 बजे कंपनी की एम्बुलेंस उन्हें घायल अवस्था में उनके घर छोड़कर गई। कुशल के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिसे देखकर परिवार वाले सहम गए।

ड्राइवर पर मारपीट और अपमान करने का आरोप

कुशल की पत्नी पूजा ने बताया कि घर लौटने पर कुशल ने आपबीती सुनाई। रास्ते में बस के ड्राइवर रोहित (निवासी रामपुर जंगी) ने उनके साथ बुरी तरह झगड़ा और मारपीट की थी। वारदात के बाद कंपनी प्रबंधन ने कुशल को इलाज के लिए ईएसआई अस्पताल बद्दी भेजा था, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।

Haryana Crime: घर के भीतर खून से लथपथ मिली महिला, बाहर खड़े थे हथियारबंद लोग,मर्डर मिस्ट्री गहराई

'सबके सामने बेइज्जती हो गई, मुंह दिखाने लायक नहीं रहा'

पूजा के अनुसार, घर आने के बाद से ही कुशल गहरे मानसिक तनाव में चले गए थे। वह पूरी रात रोते रहे और बार-बार एक ही बात दोहराते रहे कि बस में सभी सहकर्मियों के सामने उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी भारी बेइज्जती हुई है। उन्होंने कहा कि अब वह कंपनी में किसी को मुँह दिखाने के काबिल नहीं बचे हैं। सुबह भी परिवार ने उन्हें समझाने और ढांढस बंधाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन उनका मानसिक संतुलन पूरी तरह डगमगा चुका था।

पत्नी नीचे गई और कमरे में लगा लिया फंदा

26 जून की सुबह कुशल अचानक जोर-जोर से चिल्लाने लगे। इसी बीच उनकी पत्नी किसी काम से नीचे चली गईं। जब वह वापस ऊपर आईं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका होने पर जब उन्होंने खिड़की से झांका, तो उनके होश उड़ गए। कुशल ने छत के पंखे से चुन्नी का फंदा बनाकर आत्महत्या का प्रयास किया था।

तीन अस्पतालों में बदला इलाज

पत्नी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और दरवाजा तोड़कर कुशल को नीचे उतारा। उन्हें तुरंत पिंजौर के जेएन शौरी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें सेक्टर-6 पंचकूला रेफर कर दिया। वहाँ भी सुधार न होने पर उन्हें जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ भेजा गया। यहाँ जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए आखिरकार 27 जून की रात करीब 12:30 बजे कुशल ने दम तोड़ दिया।

Haryana Crime: बातचीत के दौरान कहासुनी, फिर की मैनेजर की बेरहमी से हत्या; जानें पूरा मामला

पुलिस ने दर्ज किया केस

पति की मौत के बाद पूजा ने पिंजौर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी बस ड्राइवर रोहित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के लिए 'सीन ऑफ क्राइम' टीम को भी बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और मामले की गहनता से जाँच जारी है।

Location :  Pinjore

Published :  28 June 2026, 3:02 PM IST

Advertisement