हिंदी
चेलावास में खूनी संघर्ष (Img- Internet)
Mahendragarh: हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के कनीना क्षेत्र स्थित चेलावास गांव में जमीनी विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। परिवार के भीतर चल रहे लंबे विवाद के बीच एक महिला की कथित तौर पर धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान ओमपती पत्नी राज सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि इसी जमीनी विवाद को लेकर करीब एक वर्ष पहले ओमपती के ससुर दयानंद की भी हत्या हुई थी। उस मामले में पुलिस ने दयानंद के पोते नरेंद्र को गिरफ्तार किया था। परिवार के भीतर चल रहा यह विवाद लगातार हिंसक होता जा रहा है और अब एक साल के भीतर यह दूसरी हत्या है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
मृतका के जेठ सुरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गुरुवार देर रात करीब 12 बजे उन्हें ओमपती के बेटे जयभगवान का फोन आया। जयभगवान ने बताया कि कुछ लोग उसकी मां के साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सुरेंद्र मौके पर पहुंचे, लेकिन घर का मुख्य गेट बंद मिला। उनके अनुसार, घर के भीतर से महिला के चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं, जबकि बाहर कुछ लोग लाठियां लेकर खड़े थे।
हरियाणा कोर्ट में 1265 क्लर्क भर्ती शुरू, जानिए कौन कर सकता है आवेदन और किसे मिलेगी बड़ी छूट
शिकायत के अनुसार, कुछ समय बाद घर का गेट खुला और कई लोग फरसा, कुल्हाड़ी और अन्य हथियार लेकर बाहर निकले। आरोप है कि आरोपियों ने सुरेंद्र को धमकी दी और मौके से फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के साथ घर के अंदर पहुंचने पर ओमपती गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं। उनके शरीर पर कई चोटों के निशान थे और वे खून से लथपथ थीं। उन्हें तुरंत कनीना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, रोहतक ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मृतका के परिजनों ने विनोद, संदीप, कविता, विमला, लाखीराम सहित परिवार के अन्य सदस्यों पर मिलकर हमला करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।
रिकॉर्ड तोड़ गर्मी: पंजाब-हरियाणा में पारा 47 डिग्री के करीब, पहाड़ों पर भी ग्लोबल वार्मिंग की मार
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी कविता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Mahendragarh
Published : 5 June 2026, 4:01 PM IST