Punjab News: फिरोजपुर में संदिग्ध दूध पीने से बच्चों की मौत, मुंह से निकला झाग; गांव में पसरा मातम

पंजाब के फिरोजपुर स्थित गांव मोहरे वाला में संदिग्ध परिस्थितियों में बच्चों की मौत से हड़कंप है। दूध पीने के बाद तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन प्रशासन जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 1 November 2026, 12:58 PM IST
google-preferred

Firozpur: पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव मोहरे वाला में संदिग्ध परिस्थितियों में बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक ही गांव के तीन बच्चों की जान चली गई। इनमें एक परिवार के दो बच्चे और दूसरे परिवार का एक बच्चा शामिल बताया जा रहा है।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है। बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ने और मुंह से झाग निकलने की बात सामने आई है। हालांकि, मौतों की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

मां ने बच्चों के साथ खाया खाना और पिया था दूध

मृतक बच्चों की मां मनदीप कौर के मुताबिक, उसने अपने तीनों बच्चों के साथ रोटी-सब्जी खाई थी और दूध भी पिया था। कुछ समय बाद उसके छह और सात साल के दो बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। दोनों के मुंह से झाग निकलने लगी और उनकी हालत गंभीर हो गई। परिवार के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान दोनों बच्चों की मौत हो गई। मां ने बताया कि उसने भी वही खाना और दूध लिया था।

पंजाब ने AAP ने बजाया चुनावी बिगुल: 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी, जानिए किसे कहां से मिला टिकट

गुरमीत और सुखजीत के रूप में हुई पहचान

मृतक बच्चों की पहचान गुरमीत और सुखजीत के रूप में बताई गई है। परिजनों के अनुसार, दोनों की उम्र छह और सात साल थी। बच्चों की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां मनदीप कौर ने बताया कि उसके एक बेटे ने भी वही दूध पिया था, लेकिन उसकी तबीयत ठीक है। इस वजह से घटना के कारणों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चों की तबीयत बिगड़ने के पीछे दूध था या कोई अन्य वजह।

गांव में पसरा मातम (Img- X)

गांव के दूसरे बच्चों की तबीयत बिगड़ने की भी सूचना

इस घटना के बीच गांव के एक अन्य बच्चे के बेहोश होने और एक और बच्चे की मौत होने की सूचना भी सामने आई है। शुरुआती जानकारी में कुल तीन बच्चों की मौत की बात कही जा रही है। हालांकि, इस तीसरे मामले से जुड़ी पूरी जानकारी और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। गांव में लोग घटना को लेकर चिंतित हैं। दूध पीने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसे मौतों का कारण मानने की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव पहुंचीं

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव मोहरे वाला पहुंच गईं। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में कराया जाएगा। इसके साथ ही घटना से जुड़े तथ्यों और बच्चों की तबीयत बिगड़ने की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के तहत दूध और अन्य खाद्य पदार्थों की भूमिका भी सामने आ सकती है।

अफसरों के फायदे जारी, तो कर्मचारियों का हक क्यों रोका? पंजाब मुख्य सचिव पर हाईकोर्ट ने लगाया 1 लाख का जुर्माना

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

फिलहाल बच्चों की मौत के पीछे किसी खास खाद्य पदार्थ या दूध को जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। गांव के लोग बच्चों की मौत से सदमे में हैं और परिवारों को सांत्वना दे रहे हैं। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

Location :  Firozpur

Published :  1 November 2026, 12:58 PM IST

Advertisement