हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Image Source: Pinterest)
Hisar: हरियाणा के हिसार शहर से एक बेहद हैरान करने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के व्यस्त इलाके तेलियान पुल के पास सादी वर्दी में मौजूद एक पुलिसकर्मी को अपनी दबंगई दिखाना उस वक्त भारी पड़ गया, जब सड़क किनारे गुब्बारे बेचने वाली एक महिला ने उसकी बदतमीजी का करारा जवाब दिया।
पुलिसकर्मी द्वारा थप्पड़ मारे जाने से नाराज महिला ने आव देखा न ताव और अपनी चप्पल निकालकर बीच सड़क पर ही पुलिसकर्मी की जमकर धुनाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग महिला की हिम्मत की दाद दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है। सादी वर्दी में तैनात पुलिस कर्मचारी अपने परिवार के एक सदस्य के साथ कार में सवार होकर तेलियान पुल की तरफ जा रहा था।
वहां पहुंचने के बाद पुलिसकर्मी ने नियमों को ताक पर रखकर अपनी गाड़ी को सड़क के बिल्कुल बीचों-बीच खड़ा कर दिया। उसी जगह के सामने एक गरीब महिला सड़क किनारे गुब्बारे और छोटे-मोटे खिलौने बेचकर अपना गुजारा कर रही थी। गाड़ी खड़ी होने की वजह से रास्ते में जाम की स्थिति बनने लगी थी।
हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला: अफसरों के विदेशी दौरों पर लगाई रोक, जानें इसके पीछे की वजह
इसी दौरान पीछे से एक मरीज को ले जा रही एम्बुलेंस वहां पहुंच गई। एम्बुलेंस को रास्ता देने के बजाय कार में बैठे पुलिसकर्मी ने सड़क किनारे बैठी महिला को ही वहां से हटने के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया।
इस पर महिला ने पूरी शालीनता से जवाब दिया कि वह अपनी साइड में सही जगह पर बैठी है और रास्ता कार की वजह से ब्लॉक हुआ है। महिला का यह तर्क सुन सादी वर्दी में मौजूद पुलिसकर्मी तैश में आ गया। वह तुरंत गाड़ी से नीचे उतरा और उसने बिना सोचे-समझे महिला को दो से तीन जोरदार थप्पड़ जड़ दिए।
पुलिसकर्मी की इस कायराना हरकत पर महिला चुप नहीं बैठी। उसने तुरंत अपनी चप्पल निकाली और पुलिसकर्मी पर बरस पड़ी। महिला ने बीच सड़क पर ही उस कर्मचारी को चार से पांच बार चप्पल से सरेआम पीटा।
शोर-शराबा और हंगामा सुनकर मौके पर देखते ही देखते राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इंटरनेट पर वायरल हो रहे वीडियो में महिला बेहद गुस्से में जोर-जोर से चिल्लाते हुए कह रही है, "मैं बिहार की रहने वाली हूँ और किसी से डरने वाली नहीं हूँ।"
काफी देर तक बीच सड़क पर यह हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। जब पुलिसकर्मी को लगा कि भीड़ उसके खिलाफ हो सकती है और उसकी फजीहत बढ़ रही है, तब उसने जेब से अपना पुलिस पहचान पत्र (ID Card) निकाला और लोगों को दिखाया।
जब वहां मौजूद लोगों और महिला को पता चला कि वह एक पुलिस कर्मचारी है, तब जाकर मामला शांत हुआ। बुधवार को इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद शहर थाना पुलिस हरकत में आई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
Location : Hisar
Published : 18 June 2026, 9:57 AM IST