आजम खां की मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुईं! जौहर ट्रस्ट पर 500 करोड़ से ज्यादा की वसूली की तैयारी

जौहर ट्रस्ट से जुड़े मामले में आजम खां की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। आयकर विभाग ने ट्रस्ट का रजिस्ट्रेशन रद्द करने के बाद अब बड़ी रकम की वसूली की तैयारी शुरू कर दी है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 15 September 2026, 12:02 PM IST
google-preferred

Rampur: पूर्व मंत्री आजम खां की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। जौहर ट्रस्ट से जुड़े मामले में आयकर विभाग ने अब अगली बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। ट्रस्ट का रजिस्ट्रेशन रद्द किए जाने के बाद अब अघोषित आय पर टैक्स, जुर्माना और ब्याज की वसूली का रास्ता साफ होता दिख रहा है। सूत्रों के मुताबिक, यह रकम 500 करोड़ रुपये से भी ज्यादा हो सकती है।

ट्रस्ट की अघोषित आय ने बढ़ाई परेशानी

आयकर विभाग की जांच में जौहर ट्रस्ट से जुड़ी करीब 450 करोड़ रुपये की अघोषित आय सामने आने की बात कही जा रही है। इसी रकम को आधार बनाकर विभाग अब टैक्स और जुर्माने की कार्रवाई आगे बढ़ाने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि इस मामले को अंतिम निर्णय के लिए आयकर विभाग के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय भेजा गया है। वहां से प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रस्ट पर बड़ी वित्तीय कार्रवाई हो सकती है। विभाग अघोषित आय पर करीब 30 फीसदी जुर्माने के साथ ब्याज की वसूली भी कर सकता है।

रजिस्ट्रेशन रद्द करने के पीछे क्या वजह?

लखनऊ स्थित आयकर विभाग ने हाल ही में जौहर ट्रस्ट का रजिस्ट्रेशन रद्द किया था। विभाग की कार्रवाई के पीछे कथित वित्तीय अनियमितताओं के अलावा ट्रस्ट के संचालन और चंदे से जुड़े कई सवाल बताए गए हैं। विभाग का आरोप है कि ट्रस्ट में कुछ लोगों को नियमों के विपरीत ट्रस्टी बनाया गया और संदिग्ध लोगों से चंदा भी लिया गया। इसके अलावा जौहर यूनिवर्सिटी की इमारतों के निर्माण में सरकारी धन के इस्तेमाल को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं।

ये भी पढ़ें- BRICS सम्मेलन के बाद डोनाल्‍ड ट्रंप के सख्त तेवर: बोले- ‘डील के लिए बेताब है ईरान, पर फैसला मैं करूंगा!’

आयकर विभाग ने ट्रस्ट को अपना पक्ष रखने और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने के मौके दिए थे। हालांकि, विभाग के मुताबिक ट्रस्ट की ओर से ऐसा कोई मजबूत प्रमाण पेश नहीं किया गया, जिससे लगाए गए आरोपों का संतोषजनक जवाब मिल सके।

सरकारी धन पर भी हो सकती है अलग कार्रवाई

मामला सिर्फ आयकर विभाग तक सीमित नहीं रहने वाला है। जौहर यूनिवर्सिटी की इमारतों के निर्माण में जिन सरकारी विभागों के धन के इस्तेमाल की बात सामने आई है, उसकी वसूली को लेकर राज्य सरकार की ओर से भी कार्रवाई हो सकती है।

ये भी पढ़ें- सपा-कांग्रेस में सीट शेयरिंग पर खींचतान: उत्तर प्रदेश में गठबंधन को लेकर क्या है अंदरखाने का समीकरण?

ईडी की जांच भी जारी

जौहर ट्रस्ट से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की जांच भी जारी है। हाल में जिन लोगों के ठिकानों पर छापेमारी हुई थी, उनसे अब पूछताछ की जा रही है। संबंधित लोगों को ईडी के जोनल कार्यालय बुलाकर मामले से जुड़े सवाल पूछे जा रहे हैं। जांच एजेंसी की नजर उन संपत्तियों पर भी है, जिनमें कथित तौर पर सरकारी धन के इस्तेमाल की बात सामने आई है। इसके साथ ही आजम खां और उनके परिवार से जुड़ी चल-अचल संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।

Location :  Rampur

Published :  15 September 2026, 12:02 PM IST

Advertisement