हिंदी
दिल्ली में जलभराव (सोर्स-गूगल)
New Delhi: देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। उत्तर से लेकर दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक, बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है। पिछले 24 घंटे में कई राज्यों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है। खासतौर पर मुंबई, दिल्ली, यूपी, ओडिशा, कर्नाटक और केरल में भारी बारिश से जीवन प्रभावित हुआ है।
दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश और जलभराव
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में शुक्रवार रात से लगातार बारिश हो रही है। इससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सड़कों पर पानी भरने से ट्रैफिक बाधित हुआ और कुछ जगहों पर घरों में भी पानी घुस गया। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज भी बारिश जारी रह सकती है और आगामी सप्ताह तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।
मुंबई में ऑरेंज अलर्ट, घरों में रहने की अपील
मुंबई में गुरुवार से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अत्यधिक आवश्यकता न होने पर घर से बाहर न निकलने की अपील की है। नगर निगम और आपातकालीन सेवाएं अलर्ट पर हैं। ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है और दृश्यता कम होने के कारण उड़ानों पर भी असर पड़ा है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
भारी बारिश से बेहाल शहर (सोर्स-गूगल)
दक्षिण और पूर्वी भारत में भी बारिश का कहर
पिछले 24 घंटों में तटीय कर्नाटक, केरल और विदर्भ में भारी बारिश हुई है। इसके अलावा ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और गंगीय पश्चिम बंगाल में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। आने वाले 24 घंटों में बिहार, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
बारिश के कारण जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, भारी बारिश का यह दौर अभी कुछ दिन और जारी रह सकता है।
Location : New Delhi
Published : 26 July 2025, 7:21 AM IST