हिंदी
दिल्ली से यूपी-बिहार तक बारिश का बड़ा अलर्ट (IMG: AI Generated)
New Delhi: मानसून के बीच एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। आसमान में बादल छाने के साथ तेज बारिश और आंधी लोगों की मुश्किल बढ़ा सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने 26 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 23 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में हवा की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में सड़क पर निकलने वालों से लेकर पहाड़ी और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड और उसके आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके असर से पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं दिल्ली से लेकर जम्मू-कश्मीर तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और आसपास के इलाकों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे पहले यह सिस्टम गंगा के मैदानी इलाकों और उत्तरी ओडिशा के आसपास सक्रिय था। अब इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से झारखंड में बारिश के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है। यूपी और बिहार में अगले तीन दिनों के दौरान बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम में बदलाव की एक वजह सिर्फ निम्न दबाव नहीं है। मानसून ट्रफ का पश्चिमी सिरा अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर है, जबकि पूर्वी सिरा और मध्य ट्रोपोस्फेरिक स्तर सामान्य स्थिति के आसपास बना हुआ है। इसके अलावा निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर असम और उसके आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। इन सभी मौसमी सिस्टम के कारण देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
राजधानी दिल्ली में 26 अगस्त को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, नई दिल्ली, नॉर्थ दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली, शाहदरा, साउथ दिल्ली, साउथ ईस्ट दिल्ली, साउथ वेस्ट दिल्ली और वेस्ट दिल्ली समेत कई इलाकों में बारिश हो सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दौरान करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। अंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़, बागपत, बलिया, बांदा, बस्ती, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हमीरपुर, जौनपुर, झांसी, कुशीनगर, महोबा, मऊ, मेरठ, मुजफ्फरनगर, प्रतापगढ़, संत कबीर नगर, शामली, सुल्तानपुर और वाराणसी में भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में कुछ जगहों पर 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बिहार के कई जिलों में बारिश के साथ आंधी-तूफान का खतरा है। पूर्णिया, जहानाबाद, दरभंगा, भागलपुर, वैशाली, लखीसराय, मधुबनी, किशनगंज, बेगूसराय, सिवान और बक्सर में मौसम खराब रहने की संभावना है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मध्य प्रदेश के छतरपुर, दतिया, ग्वालियर, निवाड़ी, पन्ना, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली और टीकमगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। इन इलाकों में 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। भोपाल में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
राजस्थान के चूरू, पाली, बारां, राजसमंद, उदयपुर, बीकानेर, जयपुर, श्रीगंगानगर, करौली, डीग, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, बालोतरा, कोटा, हनुमानगढ़ और भरतपुर में बारिश के साथ तेज हवाएं और तूफानी गतिविधियां हो सकती हैं। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं उत्तराखंड के बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, पिथौरागढ़, ऋषिकेश, हरिद्वार और टिहरी गढ़वाल में भारी बारिश का अलर्ट है। यहां करीब 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश के सोलन, कांगड़ा, ऊना, लाहौल-स्पीति, मंडी, कुल्लू और बिलासपुर में भी तेज बारिश और हवाओं की संभावना है। यहां हवा की रफ्तार 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
IMD के मुताबिक 26 अगस्त को दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, मेघालय, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, तमिलनाडु, तेलंगाना और पुडुचेरी समेत कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है।
Location : New Delhi
Published : 25 August 2026, 6:47 PM IST