हिंदी
देवेंद्र नाथ महतो विधानसभा मार्च में शामिल हुए (Img: X)
New Delhi: झारखंड की राजधानी में हजारों नौकरी अभ्यर्थी विधानसभा मार्च में शामिल हुए। यह प्रदर्शन राज्य की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में आयोजित किया गया। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता देवेंद्र नाथ महतो भी विधानसभा मार्च में शामिल हुए।
बता दें कि देवेंद्र नाथ महतो भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। इस दौरान उनका लगभग 10.5 किलोग्राम वजन कम हो गया। प्रोटेस्ट के दौरान वह झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की तस्वीर लेकर चलते दिखाई दिए। ऐसे में JLKM के नेता बड़ी संख्या में वॉलंटीयर्स व्यवस्था संभालते रहे और लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील करते रहे।
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता रवींद्र पासवान ने मीडिया के माध्यम से सभी छात्रों और नागरिकों से संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने सभी प्रदर्शनकारियों से कानून का पालन करते हुए अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने का आग्रह किया।
यह भी पढ़ें: Jharkhand Protest: प्रदर्शनकारी छात्रों ने उखाड़ीं बैरिकडिंग, पहुंचे विधानसभा; पुलिस से भिड़ंत और भारी तनाव
रविवार को छात्र संगठनों और राज्य सरकार के बीच करीब छह घंटे तक बातचीत हुई। इसके बाद सरकार ने 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) प्रारंभिक परीक्षा और वर्ष 2023 तथा 2025 की लंबित JPSC परीक्षाओं को रद्द करने पर सहमति जताई। यह फैसला छात्रों की प्रमुख मांगों में शामिल था।
हालांकि, छात्र संगठनों का कहना है कि उनकी सबसे बड़ी मांग JSSC-CGL परीक्षा की CBI जांच है। उनका आरोप है कि परीक्षा में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। इसके साथ ही उन्होंने TSR डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ी सभी परीक्षाओं को भी रद्द करने की मांग दोहराई। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: झारखंड में आज पुलिस और छात्रों के बीच आर पार की जंग, पुलिस ने संभाला मोर्चा, किए ये कड़े इंतजाम
इस पूरे घटनाक्रम के बीच JPSC के तीनों सदस्यों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी और सभी अभ्यर्थियों को न्याय मिलेगा। सरकार और छात्र संगठनों के बीच आगे भी बातचीत जारी रहने की संभावना है।
Location : Ranchi
Published : 10 August 2026, 1:11 PM IST