हिंदी
दिल्ली में आतंकी साजिश नाकाम (Img: Google)
New Delhi: दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल (Delhi Police Special Cell) ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस मॉड्यूल का निशाना दिल्ली का एक ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत हाईवे का मशहूर ढाबा और हरियाणा का सैन्य कैंप था।
‘गैंग बस्ट ऑपरेशन 2.0’ के तहत अलग-अलग राज्यों से शाहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े 9 संदिग्ध ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के दौरान ऐसे खुलासे हुए हैं, जिन्होंने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों में शामिल एक शख्स ने दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर की रेकी की थी। उसने मंदिर परिसर की तस्वीरें और अन्य जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स तक पहुंचाई थी।
सूत्रों के अनुसार, मॉड्यूल का मकसद मंदिर में तैनात पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को निशाना बनाना था। इसके अलावा वहां फायरिंग कर दहशत फैलाने की योजना भी बनाई गई थी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या आरोपियों ने अन्य धार्मिक स्थलों की भी रेकी की थी।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित एक लोकप्रिय ढाबा भी आतंकियों के निशाने पर था। यह स्थान रोजाना हजारों यात्रियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही के कारण काफी व्यस्त रहता है।
TRE 4 Protest in Patna: BPSC विज्ञापन की मांग पर बवाल! पुलिस लाठीचार्ज में कई छात्र घायल
सूत्रों का कहना है कि आरोपियों को यहां ग्रेनेड हमला करने का टास्क दिया गया था ताकि ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाया जा सके और आम लोगों में भय का माहौल पैदा हो। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस हमले के जरिए देश में अस्थिरता फैलाने की साजिश रची जा रही थी।
जांच में हरियाणा के हिसार स्थित एक सैन्य कैंप की रेकी का मामला भी सामने आया है। आरोपियों ने कथित तौर पर कैंप और उसके आसपास के इलाके के वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजे थे। इतना ही नहीं, उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस थानों को भी मॉड्यूल के संभावित निशाने पर बताया जा रहा है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर कांग्रेसियों ने कहा आज बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं
स्पेशल सेल गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है। एजेंसियां मॉड्यूल की फंडिंग, सोशल मीडिया नेटवर्क और सीमा पार संपर्कों की गहराई से जांच कर रही हैं। सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा आतंकी हमला हो सकता था। फिलहाल देशभर की सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
Location : New Delhi
Published : 8 May 2026, 2:29 PM IST