अक्षय तृतीया पर तपती आस्था, बेहाल श्रद्धालु; बाबाधाम में अव्यवस्था चरम पर, पुलिस का रटा-रटाया जवाब

बाबा बैद्यनाथ धाम में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर आस्था का जनसैलाब उमड़ा, लेकिन व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी नजर आई। चिलचिलाती गर्मी में दर्शन को पहुंचे श्रद्धालुओं को लंबी कतारों, प्यास और अव्यवस्था से जूझना पड़ा।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 20 April 2026, 3:11 PM IST
google-preferred

Deoghar: विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर आस्था का जनसैलाब उमड़ा, लेकिन व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी नजर आई। चिलचिलाती गर्मी में दर्शन को पहुंचे श्रद्धालुओं को लंबी कतारों, प्यास और अव्यवस्था से जूझना पड़ा, जिससे मंदिर प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही मंदिर में व्याप्त कुव्यवस्था, प्रशासन की मनमानी और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ पंडा धर्मरक्षिणी सभा द्वारा एकदिवसीय धरना दिया गया था। उस दौरान तीर्थ पुरोहितों ने साफ तौर पर चेताया था कि यदि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। लेकिन अक्षय तृतीया जैसे बड़े पर्व पर हालात पहले से भी बदतर दिखे।

मंदिर के चारों प्रमुख गेटों पर पर्याप्त पुलिस बल की अनुपस्थिति साफ नजर आई, जिससे भीड़ नियंत्रण पूरी तरह चरमरा गया। श्रद्धालुओं को घंटों धूप में खड़े रहना पड़ा, कई जगह अफरा-तफरी और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही।

देवघर के नए डीसी शशि प्रकाश सिंह ने संभाली जिम्मेदारी, इस पर रहेगा पूरा फोकस

पुलिस का रटा-रटाया जवाब

जब इस संबंध में मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से सवाल किया गया तो उन्होंने कोई ठोस जवाब देने के बजाय वही रटा-रटाया जवाब दोहराया— व्यवस्था ठीक है, सब कंट्रोल में है। लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आई, जहां श्रद्धालु मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसते दिखे।

सुधार का आश्वासन

मंदिर प्रबंधक निर्मल झा ने भी माना कि भीषण गर्मी में भक्तों के हलक सूख रहे थे और जिस स्तर की व्यवस्था होनी चाहिए थी, वह नजर नहीं आई, हालांकि इसके साथ उन्होंने सुधार का आश्वासन भी दिया।

देवघर में साइबर अपराधियों पर पुलिस का कसा शिकंजा: जनवरी से अब तक दर्जनों ठग सलाखों के पीछे

अक्षय तृतीया जैसे शुभ अवसर पर जब श्रद्धालु भगवान के दरबार में पुण्य और शांति की कामना लेकर पहुंचते हैं, तब उन्हें अव्यवस्था और उपेक्षा का सामना करना पड़े, तो यह प्रशासनिक विफलता के साथ-साथ आस्था पर भी आघात माना जा रहा है।

अब देखना यह है कि बार-बार उठ रहे सवालों और चेतावनियों के बावजूद प्रशासन कब तक सिर्फ आश्वासन देता रहेगा, या फिर सच में व्यवस्था में कोई ठोस बदलाव देखने को मिलेगा।

Location :  Deoghar

Published :  20 April 2026, 3:11 PM IST

Advertisement