हिंदी
सीजेपी के अभिजीत दीपके का दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान (फोटो - डाइनामाइट न्यूज़)
New Delhi: सोशल मीडिया समेत देश की सड़कों और सियासी गलियारों में इन दिनों कॉकरोच जनता पार्टी की चर्चाएं हो रही है। रातों-रात सोशल मीडिया पर खड़ी हुई इस वर्चुअल पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कल शनिवार को दिल्ली पहुंचने और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। उनके इस ऐलान को कई दिग्गज लोगों ने अपना समर्थन दिया है, जिसमें प्रमुख एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk), दिल्ली विश्वविद्याल के छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष रोनक खत्री (Ronak Khatri) समेत कई युवा भी शामिल हैं। लेकिन अभिजीत दीपके और उनकी इस पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन की राह में अब भी कई बाधाएं हैं।
प्रदर्शन के लिए दिल्ली पहुंचने से पहले अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि उनको बड़ी संख्या में युवाओं और लोगों का समर्थन मिल रहा है। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए युवाओं और समर्थकों से दिल्ली एयरपोर्ट नहीं आने की अपील की है। उन्होंने अपने कार्यक्रम का ऐलान करते हुए कहा है कि वे दिल्ली एयरपोर्ट से सीधे संसद मार्ग थाने जाएंगे और वहां से जंतर मंतर।
दरअसल, एयरपोर्ट से सीधे संसद मार्ग थाने जाने की उनकी घोषणा पर ही कई सवाल खड़े हो रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह कि इतने बड़े स्तर पर प्रदर्शन का ऐलान करने वाले अभिजीत दीपके ने आखिर अभी तक पुलिस से क्यों इसकी इजाजत नहीं ली? वे क्यों खुद प्रोटेस्ट की परमिशन ले रहे हैं, जबकि हाल में सीजेपी ने अपने तीन बड़े प्रवक्ताओं के नाम का भी ऐलान किया। सीजेपी द्वारा पार्टी के इन प्रवक्ताओं को भी प्रोटेस्ट के लिये आवेदन करने और पुलिस से पहले ही इसकी इजाजत लेने को कहा जा सकता था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
सीजेपी के इस प्रदर्शन की बातें खूब हो रही है लेकिन सच तो यह है कि अभी तक इसकी कोई स्पष्ट रूप रेखा किसी के सामने नहीं है। दिल्ली पुलिस और प्रशासन के सामने भी इस प्रदर्शन की कोई साफ तस्वीर नहीं है। इसमें कौन-कौन लोग शामिल होंगे, कितनी संख्या में लोग शामिल होंगे, प्रस्तावित प्रदर्शन का समय क्या होगा, इसकी अवधि कितनी होगी, कौन बड़े चेहरे होंगे, मुख्य आयोजक कौन होगा? ऐसे कई सवाल है, जिनका किसी के पास कोई जवाब नहीं हैं।
अमेरिका से आकर सीधे संसद मार्ग थाने जाना और उसके बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अभिजीत दीपके की योजना और तौर-तरीकों पर भी सवाल उठ रहे हैं। जैसा उन्होंने खुद ही कहा कि उनके इस प्रदर्शन में भारी संख्या में लोग जुटेंगे। ऐसी स्थिति में स्वाभाविक तौर बड़ी संख्या में उनके समर्थक शनिवार सुबह से ही संसद मार्ग थाना और जंतर-मंतर क्षेत्र में जुटने लगेंगे। संसद के करीब वाला यह क्षेत्र बेहद संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था के नियंत्रण की चुनौती पैदा हो सकती है। साथ ही जाम और अव्यवस्था की स्थिति भी पैदा हो सकती है। जब तक दीपके संसद मार्ग थाने से प्रदर्शन की कानूनी इजाजत लेंगे, तब उनके ये समर्थक कहां रहेंगे? यह भी बड़ा सवाल है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि पुलिस ने दीपके को तुरंत प्रोटेस्ट की इजाजत नहीं दी तो क्या होगा? बिना पुलिस परमिशन के बड़ी संख्या में लोगों के जुटने समेत तमाम स्थितियों और कानून-व्यवस्था को बनाये रखने के लिये यह भी हो सकता है कि पुलिस प्रदर्शन से पहले ही दीपके को औपचारिक रुप से हिरासत में ले ले ताकि संसद भवन के आसपास किसी तरह की अव्यवस्था, जाम जैसी स्थितियों को बिगड़ने से रोका जा सके।
पुलिस द्वारा दीपके को प्रदर्शन से रोके जाने पर उनका अगला कदम क्या होगा, यह भी बड़ा सवाल है। कुल मिलाकर सोशल मीडिया पर बड़ा कुनबा बना चुकी वर्चुअल पार्टी के रूप में सीजेपी के इस प्रदर्शन अब भी कई बातें साफ नहीं है, जिनका फिजिकल या वास्तविक जवाब कल शनिवार को ही मिलेगा।
Location : New Delhi
Published : 5 June 2026, 3:17 PM IST