हिंदी
घर के दरवाजे पर मंडरा रहा खतरा
Maharajganj: कोल्हुई कस्बे में एक परिवार पिछले कई वर्षों से भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर है। परिवार के घर के ठीक सामने स्थापित 400 केवीए क्षमता का विद्युत ट्रांसफार्मर लगातार खतरे का कारण बना हुआ है। कई बार ट्रांसफार्मर में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना रहता है।
स्थानीय निवासी नंदलाल ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर ट्रांसफार्मर को किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे तथा आवासीय क्षेत्र के बीच स्थित है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद विभागीय अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
परिजनों के अनुसार ट्रांसफार्मर में पूर्व में कई बार आग लग चुकी है। ऐसी घटनाओं के दौरान घर के लोगों को अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी रहती है। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उच्च क्षमता वाले ट्रांसफार्मर को किसी आवासीय भवन के मुख्य द्वार के सामने स्थापित करना सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं माना जाता। ऐसे में विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर स्थल का निरीक्षण कराने तथा ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं या फिर परिवार यूं ही मौत के साये में जीने को मजबूर रहेगा।
Location : Maharajganj
Published : 5 June 2026, 7:54 PM IST