हिंदी
बाबा बैद्यनाथ (Img : Google)
Deoghar: सावन का महीना आते ही पूरा देवघर बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठता है। करोड़ों शिवभक्तों की आस्था का केंद्र बाबा बैद्यनाथ धाम एक बार फिर श्रावणी मेला 2026 के स्वागत के लिए तैयार हो रहा है। भगवान भोलेनाथ के दरबार में जलार्पण करने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए झारखंड सरकार ने तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है। सोमवार को देवघर परिसदन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मेला की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने की। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का महापर्व है। ऐसे में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए आने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
समीक्षा बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, आवासीय सुविधाएं, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विभागवार समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मेला के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि मेला से जुड़ी लगभग 90 प्रतिशत प्रशासनिक और टेंडर प्रक्रियाएं शुरू हो चुकी हैं। शेष कार्यों को भी तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि इस बार तैयारियों को अंतिम समय तक नहीं टाला जाएगा।
श्रावणी मेला के दौरान देवघर से बासुकीनाथ तक लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए जिला प्रशासन, रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के बीच विशेष समन्वय स्थापित किया गया है। लक्ष्य यह है कि कांवरियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और उनकी यात्रा सुरक्षित एवं सुगम रहे।
60 दिन बाद देवघर में शुरू होगा आस्था का महाकुंभ, लाखों शिवभक्तों के स्वागत के लिए सज रही बाबा नगरी
इस बार सरकार केवल अस्थायी इंतजामों तक सीमित नहीं रहना चाहती। मुख्यमंत्री के निर्देश पर हर वर्ष बनाई जाने वाली अस्थायी व्यवस्थाओं को स्थायी आधारभूत संरचनाओं में बदलने की योजना पर काम शुरू हो चुका है। इससे भविष्य में श्रद्धालुओं को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। देवघर धार्मिक पर्यटन के एक आधुनिक केंद्र के रूप में विकसित होगा।
श्रावणी मेला 2026 को लेकर सरकार, प्रशासन और विभिन्न विभागों की सक्रियता यह संकेत दे रही है कि इस बार बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं को आस्था के साथ आधुनिक सुविधाओं का भी अनुभव मिलेगा।
Location : Deoghar
Published : 1 June 2026, 8:59 PM IST