ऐसे रची गई चंद्रनाथ रथ की हत्या : फर्जी नंबर प्लेट, ग्लॉक पिस्टल और रेकी… UPI ट्रांजैक्शन से खुला मर्डर

पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के करीबी और उनके PA चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में जांच अब CBI को सौंप दी गई है। बिहार और यूपी से तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद केस में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 12 May 2026, 2:58 PM IST
google-preferred

Kolkata : पश्चिम बंगाल की राजनीति में सनसनी फैलाने वाले चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच अब CBI के हाथों में पहुंच गई है। बंगाल चुनाव नतीजों के ठीक दो दिन बाद मध्यमग्राम की सड़क पर जिस तरह से शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ को गोलियों से छलनी किया गया। उसने पूरे राज्य को हिला दिया था। अब इस हाईप्रोफाइल मर्डर केस की तह तक पहुंचने के लिए CBI ने 7 सदस्यीय स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाई है। जिसकी अगुआई DIG रैंक के अधिकारी करेंगे।

UPI ट्रांजैक्शन से खुला हत्या का राज

जांच एजेंसियों के मुताबिक हमलावर कई दिनों से चंद्रनाथ रथ की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। वारदात से पहले आरोपियों ने इलाके की रेकी की थी और फिर सही मौके का इंतजार किया। पुलिस को केस में सबसे बड़ा सुराग बाली टोल प्लाजा से मिला। जहां हत्या से पहले आरोपियों की कार गुजरी थी। यहां एक आरोपी ने UPI के जरिए टोल पेमेंट किया था। इसी डिजिटल ट्रांजैक्शन से जुड़े मोबाइल नंबर के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

पुलिस ने बिहार के बक्सर से मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य को गिरफ्तार किया, जबकि यूपी के बलिया निवासी राज सिंह को अयोध्या से पकड़ा गया। तीनों आरोपियों को बारासात कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 24 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस हत्या में कम से कम 8 लोग शामिल थे।

चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा, क्या यूपी से रची गई थी हत्या की साजिश?

फर्जी नंबर प्लेट और प्रोफेशनल शूटर्स का शक

पुलिस ने घटनास्थल से एक कार और बाइक बरामद की है। दोनों वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी और कार के चेसिस नंबर से भी छेड़छाड़ की गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि हमलावरों ने पहचान छिपाने के लिए कई तरीके अपनाए थे। पुलिस को शक है कि हत्या में प्रोफेशनल शूटर और सुपारी किलर शामिल थे। वारदात में ग्लॉक 47X पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था।

कौन थे चंद्रनाथ रथ

42 साल के चंद्रनाथ रथ पहले एयरफोर्स में अधिकारी रह चुके थे। VRS लेने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और लंबे समय से शुभेंदु अधिकारी के बेहद करीबी माने जाते थे। शांत स्वभाव और लो-प्रोफाइल रहने वाले चंद्रनाथ 2019 से सुवेंदु की आधिकारिक टीम का हिस्सा थे।

Location :  Kolkata

Published :  12 May 2026, 2:58 PM IST

Related News

Advertisement