देवरिया में दर्दनाक हादसा: खेलते-खेलते कुएं में गिरी 8 साल की मासूम सुहानी, घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन

खेलते-खेलते 8 साल की सुहानी अचानक गहरे कुएं में जा गिरी। ग्रामीणों ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 30 September 2026, 1:34 PM IST
google-preferred

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के ग्राम वृंदावन में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। कमलेश पासवान की बेटी सुहानी खेलते समय सुग्रीव के मकान के पास स्थित एक गहरे कुएं में गिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।

पांच घंटे की मशक्कत के बाद कुएं से निकाली गई किशोरी

हादसे की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने किशोरी को कुएं से बाहर निकालने के लिए तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुहानी को कुएं से बाहर निकाला जा सका। इसके बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरकुलवा लेकर पहुंचे।

देवरिया में सड़क हादसे में ग्राम प्रधान शेषनाथ यादव की मौत, स्कार्पियो का दरवाजा खुलने से हुआ था भीषण टकराव

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

सीएचसी तरकुलवा में चिकित्सकों ने जांच के बाद सुहानी को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही तरकुलवा पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

तरकुलवा थाना अध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

देवरिया में नाबालिग को भगाने के मामले में बड़ा एक्शन, दो गिरफ्तार; POCSO समेत गंभीर धाराओं में केस

परिवार में मचा कोहराम

सुहानी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता कमलेश पासवान और माता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मासूम की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। यह हादसा एक बार फिर गांवों और आबादी वाले इलाकों में मौजूद खुले व गहरे कुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करता है। ऐसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

Location :  Deoria

Published :  30 September 2026, 1:34 PM IST

Related News

Advertisement