देवरिया में नाबालिग को भगाने के मामले में बड़ा एक्शन, दो गिरफ्तार; POCSO समेत गंभीर धाराओं में केस

देवरिया के लार थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ POCSO एक्ट समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया। 

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 29 September 2026, 6:19 PM IST
google-preferred

Deoria: उत्तरप्रदेश के देवरिया जिले के लार थाना पुलिस ने नाबालिग पीड़िता को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।

18 मार्च को दर्ज हुआ था मुकदमा

पुलिस के अनुसार, लार थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 18 मार्च 2026 को अपनी नाबालिग बेटी के घर से चले जाने के संबंध में पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। बाद में पुलिस ने नाबालिग को बरामद किया। उसके बयान और विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 87, 61(2), 65 बीएनएस और धारा 3/4 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई।

ये भी पढ़ें: देवरिया में ATM चोरी का अनोखा खेल बेनकाब, लोहे की पट्टी और क्लिप से फंसाते थे कैश; दो गिरफ्तार

बाईपास तिराहे के पास से पकड़े गए दोनों आरोपी

मामले में वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस ने मंगलवार को लार कस्बे के बाईपास तिराहा के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद पुत्र विष्णु (29 वर्ष), निवासी मलपुरा थाना क्षेत्र, आगरा और अमर पुत्र रामू (24 वर्ष), निवासी महेवागंज थाना क्षेत्र, लखीमपुर खीरी, हाल निवासी लार थाना क्षेत्र, देवरिया के रूप में हुई है।

ये भी पढ़ें: देवरिया में गोर्रा-राप्ती का बढ़ा जलस्तर, खेतों में घुसा पानी; खरीफ की फसल डूबने से किसानों की बढ़ी चिंता

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में की गई। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लार राकेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Deoria

Published :  29 September 2026, 6:19 PM IST

Related News

Advertisement