हिंदी
जहरीले सांप के डसने से गई जान
Maharajganj: कोल्हुई थाना क्षेत्र के बकैनिया हरैया गांव में जहरीले सांप के डसने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान भरथरी पुत्र रामवृक्ष के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि भरथरी का गांव में ही दो स्थानों पर मकान है। बुधवार शाम वह दूसरे मकान में सामान लेने के लिए गए थे। इसी दौरान घर के अंदर मौजूद जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के काटने की जानकारी मिलते ही परिजन घबरा गए और उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल महराजगंज लेकर पहुंचे।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने भरथरी का उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ती चली गई। कुछ समय बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भरथरी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी होने पर आसपास के ग्रामीण भी शोक जताने के लिए उनके घर पहुंचने लगे। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
Location : Maharajganj
Published : 1 October 2026, 2:01 AM IST