शिवाजी पार्क में बिना इजाजत प्रदर्शन की तैयारी: सीजेपी को वसई लॉयर्स एसोसिएशन का मिला नि:शुल्क कानूनी कवच

महाराष्ट्र में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन से पहले वसई लॉयर्स एसोसिएशन समर्थन में आया है। एसोसिएशन ने एलान किया है कि यदि सीजेपी कार्यकर्ताओं पर दमन या मुकदमे दर्ज होते हैं तो वकील मुफ्त में उनका केस लड़ेंगे।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 2 October 2026, 11:52 AM IST
google-preferred

Mumbai: महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक बड़ा कानूनी व राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। वसई लॉयर्स एसोसिएशन ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में आगे आते हुए एक बड़ा एलान किया है। संगठन ने स्पष्ट कहा है कि यदि प्रदर्शन के दौरान सीजेपी के कार्यकर्ताओं या सदस्यों को किसी भी प्रकार के सरकारी दमन का सामना करना पड़ता है या उनके खिलाफ पुलिस मुकदमे दर्ज करती है, तो वकील उनसे बिना कोई फीस लिए नि:शुल्क कानूनी सहायता (Free Legal Aid) उपलब्ध कराएंगे। शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान एसोसिएशन के प्रवक्ता दिगंबर देसाई ने यह जानकारी दी।

लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आए वकील

संवाददाताओं द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए दिगंबर देसाई ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक और राजनीतिक दल को अपनी बात रखने का अधिकार है। जब उनसे पूछा गया कि क्या सीजेपी सदस्यों पर कार्रवाई होने की स्थिति में वकील बिना फीस के उनका बचाव करेंगे, तो उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखना बेहद जरूरी है। हमारी संस्था न्यायिक मंच पर हर उस व्यक्ति या समूह की मदद के लिए तैयार है, जिसे कथित तौर पर प्रशासनिक या पुलिसिया दमन का सामना करना पड़ रहा है।

Jantar Mantar Protest: जंतर-मंतर पर कड़ी सुरक्षा, पुलिस की बड़ी कार्रवाई; प्रदर्शन से पहले सौरभ भारद्वाज और संजीव झा गिरफ्तार

शिवाजी पार्क में प्रदर्शन से पहले बढ़ा तनाव

वकीलों का यह महत्वपूर्ण बयान ऐसे समय में आया है जब सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके शुक्रवार को मुंबई के प्रसिद्ध शिवाजी पार्क में एक बड़ा प्रदर्शन करने जा रहे हैं। सीजेपी मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है और लगातार उनके इस्तीफे की मांग कर रही है।

पार्टी का आरोप है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने अपने कार्यकाल के दौरान लोकतांत्रिक सिद्धांतों के खिलाफ काम किया है। हालांकि, ये तमाम आरोप पूरी तरह से सीजेपी की ओर से लगाए गए हैं।

पुलिस की अनुमति न मिलने पर भी अडिग सीजेपी

इस पूरे मामले में प्रशासनिक मोड़ तब आया जब मुंबई पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए सीजेपी को शिवाजी पार्क में प्रदर्शन करने की आधिकारिक अनुमति देने से मना कर दिया।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के ऐलान के बाद नई दिल्ली में सुरक्षा कड़ी, धारा 163 लागू; 5 से अधिक लोगों के जुटने पर पाबंदी

अनुमति खारिज होने के बावजूद पार्टी अपने फैसले पर कायम है और उसने हर हाल में प्रदर्शन करने की घोषणा की है। एक तरफ पुलिस का सख्त रुख है तो दूसरी तरफ वकीलों का नि:शुल्क कानूनी कवच। अब देखना यह होगा कि शिवाजी पार्क में इस प्रदर्शन को लेकर आगे क्या स्थिति बनती है।

Location :  Mumbai

Published :  2 October 2026, 11:52 AM IST

Advertisement