छह महीने पहले हुई शादी, फिर घर में फंदे से लटका मिला शव; मां की तहरीर पर पति समेत चार पर केस

महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में छह माह पहले शादी हुई विवाहिता की फंदे से लटकती लाश मिलने के मामले में पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतका की मां ने ससुराल पक्ष पर घरेलू प्रताड़ना और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 2 October 2026, 8:16 PM IST
google-preferred

Maharajganj News: शादी को अभी महज छह महीने ही हुए थे और घर में नई जिंदगी की शुरुआत करने वाली लक्ष्मी की अचानक मौत हो गई। गुरुवार को उसका शव ससुराल में फंदे से लटकता मिला तो परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अब इस मामले में नया मोड़ आया है। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर घरेलू प्रताड़ना और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पति, सास, ससुर और देवर नामजद

मामला कोल्हुई थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव के टोला भूड़कुड़वा का है। पुलिस के मुताबिक मृतका की मां गीता देवी की तहरीर के आधार पर पति विजय, सास, ससुर और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपों के आधार पर बीएनएस की धारा 80(2), 85, 115(2), 352, 351(3) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की है। मायके पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया है कि लक्ष्मी को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था और दहेज को लेकर भी उसे परेशान किया जा रहा था।

गांधी-शास्त्री जयंती पर महराजगंज पुलिस का अलग अंदाज, एसपी ने दिलाई शपथ और इन पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

छह माह पहले हुई थी लक्ष्मी की शादी

परिजनों के मुताबिक लक्ष्मी की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। शादी के बाद वह अपने ससुराल में रह रही थी। गुरुवार को अचानक उसके फंदे से लटकने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मां की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

घटना के बाद मृतका की मां गीता देवी ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने बेटी के ससुराल वालों पर घरेलू प्रताड़ना और दहेज उत्पीड़न के आरोप लगाए। मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब तहरीर में लगाए गए आरोपों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य तथ्यों को जांच में शामिल कर रही है।

सड़क से युवक का अचानक गायब होना बनी पहेली! महराजगंज में बाइक-कार हादसे के बाद ले गए कार सवार; परिजनों की उड़ी नींद

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना के बाद अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया। सीओ फरेंदा दीपशिखा वर्मा, नायब तहसीलदार सुदेव पटेल और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

Location :  Maharajganj

Published :  2 October 2026, 8:16 PM IST

Related News

Advertisement