“साहब… मेरे भाई को जिंदा कर दो”, हल्द्वानी अस्पताल में बहन की चीख सुन कांप उठी लोगों की रूह

हल्द्वानी के गोलापार-तीनपानी फ्लाईओवर हादसे में चार दोस्तों की दर्दनाक मौत के बाद अस्पताल में भावुक मंजर देखने को मिला। बहन भाई को बचाने की गुहार लगाती रही, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए हादसे की जांच कर रही है।

Haldwani: हल्द्वानी के गोलापार-टीनपानी फ्लाईओवर पर शनिवार रात करीब 10 बजे एक भयानक सड़क हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई। फ्लाईओवर पर मौजूद इन चार युवकों को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने कुचल दिया। मरने वालों की पहचान 17 साल के राहुल राजपूत (हाथीखाल निवासी), 25 साल के शिवम (गोरापड़ाव निवासी) और 20 साल के अंशु आर्य व 18 साल के आदित्य टम्टा (बैरीपड़ाव निवासी) के तौर पर हुई है।

एक बहन ने भाई को जिंदा करने की लगाई गुहार

हादसे के बाद अस्पताल में दिल दहला देने वाला मंजर देखने को मिला। राहुल राजपूत की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां, बहनें और भाई अस्पताल पहुंचे। राहुल की बहन ने हाथ जोड़कर डॉक्टरों और पुलिसकर्मियों से अपने भाई को बचाने की गुहार लगाई। रोते हुए वह कहती रही, "सर... प्लीज मेरे भाई को जिंदा कर दो।" उसकी चीख-पुकार सुनकर अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

ये भी पढ़ें - Haldwani: कोचिंग सेंटरों पर चला प्रशासन का डंडा, 7 संस्थान सील; जानिये कैसे चल रही थी मनमर्जी

परिजनों ने शव ले जाने से रोका

पोस्टमार्टम के लिए जब राहुल का शव मोर्चरी ले जाया जाने लगा तो परिजन उससे लिपट गए और शव को ले जाने नहीं दिया। काफी समझाने के बाद पुलिस ने शव मोर्चरी भिजवाया। राहुल दो भाइयों और दो बहनों में से एक था तथा लालकुआं स्थित एक वायर कंपनी में काम करता था।

माता-पिता पर टूटा दुखों का पहाड़

वहीं, पेंट का काम करने वाले 25 वर्षीय शिवम का शव देखकर उसके माता-पिता बेसुध हो गए। बड़ा भाई आकाश शिवम को लेकर सीधे आईसीयू पहुंच गया और डॉक्टरों से एक बार फिर जांच करने की गुहार लगाता रहा। उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए कुछ देर के लिए शव आईसीयू तक ले जाया गया, जिसके बाद उसे बाहर लाया गया। तीसरे मृतक अंशु आर्य की पहचान उसके साथियों ने की, जबकि देर रात तक उसके परिजन अस्पताल नहीं पहुंच सके।
हादसे की वजह को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चारों युवक फ्लाईओवर पर खड़े थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। वहीं कुछ लोगों का दावा है कि युवक गलत दिशा में थे। हालांकि पुलिस ने किसी भी दावे की पुष्टि नहीं की है।

ये भी पढ़ें - Haldwani Accident News: आखिर बाजार जाते समय 13 साल की बच्ची के साथ क्या हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया?

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे की वास्तविक वजह जानने के लिए फ्लाईओवर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के समय स्कॉर्पियो किस रफ्तार और दिशा में थी तथा युवक किस स्थिति में मौजूद थे।

Location :  Haldwani

Published :  12 July 2026, 5:47 PM IST

Advertisement