एक रात, दो गांव और चार घर; चोरों ने बक्से उठाकर बाग में तोड़े ताले, लाखों के गहने लेकर फरार

प्रतापगढ़ में रविवार रात चोरों ने दो गांवों के चार घरों को निशाना बनाया। अंतू थाना क्षेत्र के बेहड़ा और कुशलगढ़ गांव में चोरों ने लाखों रुपये के गहने, नकदी और करीब 20 हजार रुपये के पीतल के बर्तन चोरी कर लिए। पुलिस सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 14 September 2026, 2:42 PM IST
google-preferred

Pratapgarh: जिले में रविवार रात चोरों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था को चुनौती देते हुए दो गांवों के चार घरों को निशाना बना लिया। चोर घरों से लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने, नकदी और करीब 20 हजार रुपये के पीतल के बर्तन चोरी कर फरार हो गए। खास बात यह रही कि चोर कई घरों से बक्से उठाकर बाग में ले गए और वहीं उनके ताले तोड़कर सामान खंगाला। सोमवार सुबह जब परिवार के लोगों ने घरों में सामान बिखरा देखा तो हड़कंप मच गया।

दीवार फांदकर घर में घुसे चोर

पहली घटना अंतू थाना क्षेत्र के बेहड़ा गांव की है। यहां रामबरन तिवारी के घर को चोरों ने निशाना बनाया। रामबरन के मुताबिक चोर दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने घर में रखे चार बक्सों को उठाया और उन्हें पास के बाग में ले गए। बाग में ले जाकर चोरों ने बक्सों के ताले तोड़े और उनमें रखे सोने-चांदी के गहने निकाल लिए। बताया गया कि ये गहने रामबरन की बहुओं सुनीता और रंजू तथा नातिन प्रीति और कोमल के थे।

प्रतापगढ़ में छात्र को घेरकर बेल्ट से पीटा, फिर बनाया वीडियो! आखिर बुलेट सवार दबंगों ने क्यों दिखाई ऐसी दबंगई?

दूसरे घर में भी घुसे, लेकिन खाली हाथ लौटे

रामबरन तिवारी के घर से करीब 100 मीटर दूर गौरी शंकर तिवारी के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। यहां चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। चोरों ने घर में रखे दो बक्से उठाए और करीब 100 मीटर दूर बाग में ले गए। वहां उन्होंने बक्सों के ताले तोड़कर कपड़े और अन्य सामान खंगाला। हालांकि काफी तलाश के बाद भी चोरों के हाथ कोई कीमती सामान नहीं लगा। इसके बाद वे वहां से फरार हो गए।

कुशलगढ़ में खाली घर को बनाया निशाना

बेहड़ा गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर कुशलगढ़ गांव में भी चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। यहां श्याम सुंदर दूबे के खाली घर का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे। श्याम सुंदर की पत्नी रेखा लखनऊ गई हुई थीं, जिसके चलते घर खाली था। चोरों ने अंदर रखा एक बक्सा उठाया और करीब 300 मीटर दूर बाग में ले गए। वहां बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपये के गहने चोरी कर लिए।

‘बचा लो भाई!’ एक दोस्त को खींच निकाला, पर 20 मीटर दूर जो मिला सन्न रह गए लोग; जानिए प्रतापगढ़ की पूरी कहानी

खाली घर से पीतल के बर्तन ले गए

इसी गांव में श्याम सुंदर दूबे के घर से करीब 70 मीटर दूर अधिवक्ता पंकज पांडेय के घर में भी चोर घुसे। उनका घर भी खाली था। पंकज पांडेय अपने परिवार के साथ प्रतापगढ़ में रहते हैं। चोरों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल होने के बाद काफी देर तक बक्सों के ताले तोड़कर नकदी और कीमती सामान तलाशा। हालांकि उन्हें कोई खास सामान नहीं मिला। इसके बाद चोर घर में रखे करीब 20 हजार रुपये कीमत के पीतल के बर्तन उठाकर ले गए।

चोरों तक पहुंचने में जुटी पुलिस

चार घरों में चोरी की सूचना मिलने के बाद अंतू थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अंतू थानाध्यक्ष अभिषेक सिरोही ने बताया कि चार घरों में चोरी की घटनाएं हुई हैं। पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही है। पुलिस सर्विलांस की मदद से भी चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। घटनाओं के बाद पुलिस आसपास के इलाके में संदिग्ध गतिविधियों और वारदात से जुड़े सुरागों की जांच कर रही है।

Location :  Pratapgarh

Published :  14 September 2026, 2:42 PM IST

Related News

Advertisement