हिंदी
नवजात की मौत के बाद बवाल (Img: Dynamite News)
Sultanpur News: चांदा बाजार का न्यू आयुषी पॉली क्लीनिक एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जिस क्लीनिक पर पिछले वर्ष स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए ताला लगाया था, वहीं शुक्रवार को प्रसव के दौरान नवजात की मौत के बाद फिर हंगामा खड़ा हो गया।
आक्रोशित परिजनों ने ऑपरेशन करने पहुंचे शहर के एक चिकित्सक और उसके अटेंडेंट को पुलिस की मौजूदगी में 112 वाहन से उतारकर पीट दिया। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने देर शाम क्लीनिक को दोबारा सील कर दिया।
चांदा क्षेत्र की अंजली निषाद पत्नी बृजेश निषाद प्रसव के लिए न्यू आयुषी पॉली क्लीनिक गई थीं। प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान ऑपरेशन करने पहुंचे चिकित्सक और उनके अटेंडेंट को पुलिस 112 वाहन से ले जाने लगी। आक्रोशित परिजनों ने वाहन को रोक लिया और दोनों के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रसूता की मां ने ऑपरेशन के दौरान उसकी बेटी का गर्भाशय निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप की पुष्टि अभी आधिकारिक रूप से नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें- कौशाम्बी के शिवाजी इंटर कॉलेज में छात्रों के प्रदर्शन पर डिप्टी सीएम का बड़ा एक्शन, तीन सदस्यीय कमेटी गठित
न्यू आयुषी पॉली क्लीनिक पर कार्रवाई का यह पहला मामला नहीं है। बताया गया कि पिछले वर्ष अक्टूबर में स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक को सील किया था। उस समय अस्पताल में ऑपरेशन के बाद तीन मरीज भर्ती मिले थे। संचालक और स्टाफ वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके थे। स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को सीएचसी पीपी कमैचा भेजने के बाद क्लीनिक सील कर दिया था।
ये भी पढ़ें- रात होते ही दरोगा शाह बाबा की दरगाह पर उमड़ा ऐसा सैलाब, दूर-दूर से पहुंचे जायरीन; दरगाह पर देर रात तक रही रौनक
नवजात की मौत और हंगामे के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्लीनिक को फिर सील कर दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण ने कार्रवाई की पुष्टि की है। वहीं, क्षेत्राधिकारी लंभुआ रितिक कपूर ने मामले से संबंधित तथ्यों की जानकारी लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
Location : Sultanpur
Published : 3 October 2026, 10:51 AM IST