हिंदी
दरोगा शाह बाबा की दरगाह पर उमड़ा जायरीनों का जनसैलाब (Img: Dynamite News)
Kannauj: गुरसहायगंज स्थित करीब 100 साल पुरानी बताई जाने वाली दरोगा शाह बाबा की दरगाह पर बीती रात आयोजित उर्स में बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचे। दूर-दराज के इलाकों से आए अकीदतमंदों ने दरगाह पर हाजिरी लगाई और दुआएं मांगी। उर्स के दौरान देर रात तक दरगाह परिसर में लोगों की आवाजाही बनी रही।
स्थनीय लोगों के मुताबिक दरोगा शाह बाबा की दरगाह पर लंबे समय से अकीदतमंदों का आना-जाना जारी है। हर साल उर्स के मौके पर यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इस बार भी उर्स को लेकर लोगों में खास उत्साह दिखाई दिया। शाम ढलने के बाद दरगाह परिसर में जायरीनों की संख्या लगातार बढ़ती गई और देखते ही देखते पूरा परिसर लोगों से भर गया।
जायरीनों ने दरगाह पर पहुंचकर अकीदत के साथ हाजिरी लगाई और क्षेत्र में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ की। धार्मिक कार्यक्रमों में भी लोगों ने हिस्सा लिया। उर्स के चलते गुरसहायगंज का माहौल देर रात तक रौनक से भरा नजर आया।
ये भी पढ़ें- कमरा बंद, फोन बंद और सड़ा-गला शव: सोने की चेन लेने पहुंची महिला डॉक्टर की होटल में मिली लाश
उर्स के दौरान कई कद्दावर जनप्रतिनिधि और राजनीतिक नेता भी दरोगा शाह बाबा की दरगाह पहुंचे। उन्होंने दरगाह पर चादर चढ़ाकर या हाजिरी लगाकर अकीदत पेश की और क्षेत्र में शांति व खुशहाली की दुआ की।
बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने को देखते हुए स्थानीय स्तर पर पहले से तैयारियां की गई थीं। दरगाह और आसपास के इलाके में व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी रही। भीड़ के बीच किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसे लेकर भी निगरानी रखी गई।
ये भी पढ़ें- UP Politics: पिता 9 बार जीते, बेटी अब संभालेंगी यूपी कांग्रेस की कमान, जानिए कौन हैं आराधना मिश्रा ‘मोना’?
करीब एक सदी पुरानी बताई जाने वाली दरोगा शाह बाबा की दरगाह पर उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर इस स्थान से लोगों की गहरी धार्मिक और सामाजिक आस्था को सामने रखा। उर्स की रात दरगाह परिसर में देर तक लोगों की आवाजाही और धार्मिक माहौल बना रहा।
Location : Kannauj
Published : 3 October 2026, 9:56 AM IST
Topics : Dargah Gurusahayganj kannauj news UP News Urs