हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img- Pinterest)
Hyderabad: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के मियापुर इलाके में स्थित 'होटल ग्रैंड ब्रोचिल' के कमरा नंबर 502 का दरवाजा जब पुलिस ने तोड़ा, तो अंदर का नजारा देखकर सब हैरान रह गए। बेड पर 27 वर्षीय पीजी मेडिकल छात्रा कोमाती श्रीजना का शव काफी हद तक डीकंपोज (सला-गला) हालत में मिला।
श्रीजना संगारेड्डी जिले की रहने वाली थीं और हनमकोंडा के एक प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज से बाल रोग (पीडियाट्रिक्स) में पोस्ट-ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही थीं। कई दिनों से परिवार से संपर्क टूटने के बाद मोबाइल लोकेशन ट्रैक करने पर इस भयानक वारदात का खुलासा हुआ।
पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच में इस पूरे मामले के पीछे एक बेहद चौंकाने वाला एंगल सामने आया है। बताया जा रहा है कि श्रीजना अपनी एक कीमती सोने की चेन वापस लेने के लिए हनमकोंडा से हैदराबाद आई थीं। यह चेन उनके एमबीबीएस के समय के पुराने दोस्त रवि के पास थी। रवि ने 30 सितंबर को श्रीजना को चेन वापस देने का झांसा देकर मियापुर के इसी होटल में बुलाया था। श्रीजना घर पर बिना बताए रवि से मिलने होटल पहुँची थीं, जिसके बाद से उनका परिवार से संपर्क पूरी तरह कट गया।
पंजाब बॉर्डर पर बीएसएफ की बड़ी कार्रवाई: तरनतारन सेक्टर में दो पाकिस्तानी घुसपैठिए ढेर, एक फरार
होटल के रिकॉर्ड्स और पुलिस छानबीन से पता चला है कि आरोपी रवि 1 अक्टूबर को अकेले ही होटल से चेक-आउट करके निकल गया। इसके बाद से ही उसका मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा है और वह पूरी तरह से फरार है। जब श्रीजना के पिता को बेटी की कोई खबर नहीं मिली, तो उन्होंने हनमकोंडा पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मियापुर पुलिस की मदद से होटल का कमरा खोलकर शव बरामद किया गया।
मृतका के पिता की गंभीर शिकायत के आधार पर मियापुर पुलिस स्टेशन में आरोपी रवि के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में शव पर किसी बाहरी गंभीर चोट के निशान नहीं दिखे हैं, लेकिन शव के सड़ने के कारण मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए उसे उस्मानिया जनरल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मियापुर पुलिस ने होटल ग्रैंड ब्रोचिल के सभी सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज के जरिए 30 सितंबर और 1 अक्टूबर के बीच कमरे में कौन-कौन आया और गया, इसकी बारीकी से पड़ताल की जा रही है। वहीं, फरार चल रहे आरोपी रवि को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं जो उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
Location : Hyderabad
Published : 3 October 2026, 9:15 AM IST
Topics : crime news Hyderabad news Telangana Crime News