हिंदी
पेंशन घोटाले की जांच के लिए पहुंचे अधिकारी (Img: Dynamite News)
Sahibganj: बोरियो और बरहेट प्रखंड में कथित पेंशन भुगतान घोटाले की जांच ने प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज कर दी है। बुधवार को जांच प्रक्रिया ने अचानक रफ्तार पकड़ ली, जब वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं प्रखंड कार्यालय पहुंचकर दस्तावेजों की गहन पड़ताल शुरू की।
बोरियो प्रखंड कार्यालय में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत और जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनिल कुमार ने पहुंचकर जांच की निगरानी की। अधिकारियों की मौजूदगी से कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारी फाइलें संभालते और रिकॉर्ड जुटाते नजर आए।
जांच टीम पेंशन योजना से जुड़े लाभुकों के रिकॉर्ड, भुगतान विवरण, बैंकिंग दस्तावेज, तकनीकी अभिलेख और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों द्वारा संबंधित कर्मचारियों से एक-एक दस्तावेज निकलवाकर उसका सत्यापन कराया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार कई पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कथित अनियमितता किस स्तर पर हुई और किसकी भूमिका संदिग्ध है। जांच के दौरान कंप्यूटर ऑपरेटरों से भी पूछताछ किए जाने की चर्चा है। तकनीकी और दस्तावेजी दोनों पहलुओं की परत-दर-परत जांच की जा रही है।
वहीं बरहेट प्रखंड कार्यालय में भी जांच को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी आवश्यक दस्तावेज तत्काल उपलब्ध कराए जाएं और अभिलेख व्यवस्थित रखे जाएं। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि जांच पूरी होने तक कोई भी अधिकारी आधिकारिक बयान देने से बच रहा है।
Varanasi News: घर में विवाद के बाद युवक की बिगड़ी हालत, अस्पताल में तोड़ा दम
उल्लेखनीय है कि शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने संदिग्ध लाभुकों के पेंशन भुगतान पर रोक लगा दी थी। इसके बाद उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा के नेतृत्व में उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया गया। अब वरिष्ठ अधिकारियों की सीधी निगरानी में जांच आगे बढ़ रही है। मौके पर सुमित चौबे सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
Location : Sahibganj
Published : 10 June 2026, 8:33 PM IST