हिंदी
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
Prayagraj: उत्तर प्रदेश के शिक्षा विभाग में एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी तेज हो गई है। बेसिक शिक्षा निदेशालय ने प्रदेशभर में लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात 139 खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) और 369 लिपिकों के तबादले की सूची शासन को भेज दी है। अब इस सूची पर अंतिम मुहर लगते ही व्यापक स्तर पर तबादला आदेश जारी किए जा सकते हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश में वर्तमान समय में 862 से अधिक खंड शिक्षा अधिकारी कार्यरत हैं। इनमें से कई अधिकारी ऐसे हैं जो निर्धारित समय सीमा से अधिक समय से एक ही जिले या मंडल में तैनात हैं। स्थानांतरण नीति के अनुसार, जिन अधिकारियों का कार्यकाल एक ही जिले में तीन वर्ष और मंडल में सात वर्ष पूरा हो चुका है, उन्हें स्थानांतरित किया जाना अनिवार्य है। इसी आधार पर करीब 20 प्रतिशत अधिकारियों और लिपिकों को इस सूची में शामिल किया गया है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, राजू पाल केस के दोषी आबिद को जमानत
विभागीय सूत्रों का कहना है कि तबादला सूची को मई माह में ही तैयार कर शासन को भेज दिया गया था। हालांकि, इसके बाद विभाग में शीर्ष स्तर पर कुछ प्रशासनिक बदलाव भी हुए हैं, जिससे प्रक्रिया कुछ समय के लिए धीमी पड़ गई थी। अब जैसे ही शासन से अंतिम स्वीकृति मिलेगी, तबादला आदेश एक साथ जारी कर दिए जाएंगे।
इसी बीच विभाग में चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है। कई कर्मचारी इस बात को लेकर उत्सुक हैं कि सूची में उनका नाम शामिल है या नहीं। वहीं कुछ स्थानों पर यह भी चर्चा है कि भ्रष्टाचार के आरोपों और लंबित जांचों के चलते कई अधिकारियों के नाम इस सूची में विशेष रूप से शामिल किए गए हैं। फिलहाल 15 से अधिक खंड शिक्षा अधिकारी निलंबित चल रहे हैं और कई अन्य के खिलाफ जांच जारी है।
महाराष्ट्र में बड़ा हादसा: 35 तीर्थयात्रियों से भरी नाव नदी में पलटी, Rescue Operation जारी
अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) मनोज कुमार द्विवेदी ने संकेत दिए हैं कि सूची उनके कार्यभार संभालने से पहले ही शासन को भेजी जा चुकी है। अब अंतिम निर्णय पूरी तरह शासन स्तर पर निर्भर करेगा। इसके बाद ही पूरे प्रदेश में एक साथ तबादला प्रक्रिया लागू होगी, जिससे शिक्षा विभाग के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
Location : Prayagraj
Published : 10 June 2026, 8:24 PM IST