रील का ऐसा नशा कि छात्राओं का रास्ता रोक दिया! सड़क पर भद्दे डांस का वीडियो वायरल, पुलिस ने ऐसे उतारा भूत

मुजफ्फरनगर के खतौली से सामने आए एक वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। सड़क के बीचों-बीच रील बनाने के चक्कर में एक युवक ऐसी हरकतें करता दिखा कि राहगीर ही नहीं, छात्राएं भी असहज हो गईं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 21 June 2026, 7:55 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर के खतौली कस्बे में रील बनाने का जुनून एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में युवक बीच सड़क पर भद्दे और अशोभनीय डांस मूव्स करता दिखाई दिया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इसे सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती रीलबाजी का खतरनाक उदाहरण बताया है।

अजीबो-गरीब हरकतें करते दिखा युवक

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक सड़क के बीच खड़े होकर मोबाइल कैमरे के सामने अजीबो-गरीब हरकतें कर रहा है। उसे इस बात की कोई परवाह नहीं दिखी कि सड़क से लोग गुजर रहे हैं और आसपास आम नागरिक मौजूद हैं। उसकी हरकतों के कारण राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इनकम टैक्स की रडार पर फिर आजम खान का परिवार, जौहर ट्रस्ट से मांगे कई अहम जवाब

छात्राओं को बदलना पड़ा रास्ता

वीडियो का सबसे परेशान करने वाला हिस्सा वह है, जब वहां से गुजर रही दो छात्राएं युवक की हरकतों के कारण असहज नजर आती हैं। छात्राओं ने पहले किनारे से निकलने की कोशिश की, लेकिन युवक सड़क पर ही डांस करता रहा। स्थिति ऐसी बन गई कि दोनों छात्राओं को वापस लौटकर कुछ दूरी पर खड़ा होना पड़ा। युवक के हटने के बाद ही वे आगे बढ़ सकीं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो देखने के बाद लोगों ने नाराजगी जताई और ऐसे रीलबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने तुरंत लिया एक्शन

मामले की जानकारी मिलते ही खतौली पुलिस हरकत में आ गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी रोबिन पुत्र संजय निवासी ग्राम मखेड़ी थाना रतनपुरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका के तहत धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। आरोपी का चालान कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की गई।

Video: निचलौल-गोरखपुर मार्ग पर यूपी रोडवेज की चलती बस में शराब-बिरयानी पार्टी! महिला यात्रियों के सामने गंदी हरकत

रील बनाने की होड़ पर फिर उठे सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में सार्वजनिक स्थानों पर किए जा रहे स्टंट और अशोभनीय हरकतों पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए सड़क को मंच बनाना न सिर्फ गलत है बल्कि दूसरों की सुरक्षा और सुविधा के लिए भी खतरा बन सकता है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  21 June 2026, 7:55 PM IST

Advertisement