हिंदी
एलन मस्क से जुड़ी कंपनी का नाम बताकर ठगी (Img: AI Generated Image)
Kanpur: कानपुर में एलन मस्क से जुड़ी कंपनी का नाम बताकर निवेश के नाम पर एक युवक से पांच लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को ऑनलाइन फाइनेंस कंपनी में पैसा लगाने पर आकर्षक रिटर्न का भरोसा दिया गया। मुनाफे की रकम ऑनलाइन आईडी पर दिखाई भी गई, लेकिन कुछ समय बाद तीनों आईडी अचानक बंद हो गईं। इसके बाद युवक को कथित धोखाधड़ी का पता चला।
तिलक नगर निवासी अनुराग सिंह के मुताबिक, मई 2025 में परिचित पारुल सिंह ने उनकी मुलाकात औरैया के दिबियापुर निवासी राहुल गुप्ता से कराई थी। बातचीत के दौरान राहुल ने खुद को अमेरिका के कारोबारी एलन मस्क से जुड़ी कंपनी ‘स्टार लिंक फाइनेंस’ का निदेशक बताया।
पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार, राहुल ने नेटवर्क मार्केटिंग के जरिए निवेश करने पर अच्छा रिटर्न मिलने की बात कही। भरोसा बढ़ाने के लिए उसने व्हाट्सऐप के जरिए कंपनी से जुड़े कई दस्तावेज भी भेजे। आकर्षक मुनाफे की बात सुनकर अनुराग ने निवेश करने का फैसला किया।
ये भी पढ़ें- Deoria News: देवरिया में खाकी पर लगा दाग, थाने की हवालात में गांजा तस्कर की संदिग्ध मौत से मचा बवाल
शिकायत के मुताबिक, अनुराग ने कंपनी के लिए तीन अलग-अलग आईडी बनाईं। इसके बाद स्वरूप नगर स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से गूगल-पे के जरिए अलग-अलग बताए गए बैंक खातों में करीब पांच लाख रुपये भेजे गए। शुरुआत में निवेश की रकम पर मिलने वाला रिटर्न ऑनलाइन आईडी में दिखाई देता रहा। इससे निवेशक को अपने पैसे और मुनाफे को लेकर भरोसा बना रहा। लेकिन बाद में कहानी अचानक बदल गई।
शिकायत में बताया गया है कि पिछले साल 12 अगस्त से करीब चार दिन पहले तीनों आईडी बंद कर दी गईं। इसके बाद अनुराग ने राहुल से संपर्क किया और निवेश की रकम के बारे में जानकारी मांगी। आरोप है कि उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। पीड़ित का आरोप है कि फोन पर बातचीत के दौरान उसके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद उसे कथित तौर पर समझ आया कि निवेश के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी हो सकती है।
ये भी पढ़ें- मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लालू परिवार को मिली अंतरिम राहत, अब 30 अक्टूबर को होगी सुनवाई; जानिए कोर्ट में क्या हुआ
अनुराग के मुताबिक, उसने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की। पुलिस कमिश्नर के निर्देश के बाद कोहना थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। कोहना थाना प्रभारी मनीष कुमार के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और साइबर सेल की मदद ली जा रही है। पुलिस अब उन खातों और डिजिटल लेनदेन की जानकारी जुटा रही है, जिनमें निवेश की रकम भेजी गई थी।
मामले में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित निवेश कंपनी का वास्तविक संचालन कौन कर रहा था और एलन मस्क या उनसे जुड़ी किसी कंपनी का नाम किस आधार पर इस्तेमाल किया गया। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।
Location : Kanpur
Published : 3 October 2026, 2:59 PM IST