महराजगंज में परिवहन विभाग की बस का ब्रेक फेल, वर्कशॉप गेट से भिड़ी, दर्जनों यात्री घायल

महराजगंज में परिवहन विभाग की बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित बस वर्कशॉप गेट से टकरा गई, जिसमें दर्जनों यात्री घायल हो गए। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया, सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 30 August 2025, 5:23 PM IST
google-preferred

Maharajganj: जिले में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की एक यात्री बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया। बस अनियंत्रित होकर वर्कशॉप के गेट से टकरा गई। इस घटना में दर्जनों यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

कैसे हुआ हादसा?

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार परिवहन विभाग की बस संख्या UP 77 AN 3054 यात्रियों को लेकर ठूठीबारी की तरफ जा रही थी। बस में दर्जनों यात्री सवार थे। रास्ते में अचानक ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया और बस अनियंत्रित हो गई। चालक ने स्थिति को संभालने की कोशिश करते हुए तुरंत बस को पास ही स्थित धनेवा वर्कशॉप की ओर मोड़ दिया ताकि तकनीकी खराबी को सुधारा जा सके। लेकिन जैसे ही बस वर्कशॉप के गेट के पास पहुंची, वह नियंत्रण खो बैठी और तेज रफ्तार में गेट से टकरा गई।

परिवहन विभाग की बस का ब्रेक फेल

टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के भीतर सवारियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों से गिर पड़े और कुछ खिड़कियों व दरवाजों से टकरा गए। इस अफरा-तफरी के बीच स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर जुट गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने बस से घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

महराजगंज में खाद घोटाले पर डीएम संतोष कुमार शर्मा का सर्जिकल स्ट्राइक: दर्जनों विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित, एक का निरस्त

घायलों का इलाज जारी

हादसे में घायल सभी यात्रियों को जिला अस्पताल और समीपवर्ती स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि अधिकतर घायलों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि कुछ को सिर और हाथ-पांव में गंभीर चोटें लगी हैं। प्रशासन ने सभी घायलों के समुचित इलाज का आश्वासन दिया है।

सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल कल आएंगे महराजगंज, सुशील कुमार टिबड़ेवाल करेंगे स्वागत

प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। बस को क्रेन की मदद से सड़क किनारे हटाया गया। अधिकारियों ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी और रखरखाव की लापरवाही की संभावना जताई जा रही है।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 30 August 2025, 5:23 PM IST