हिंदी
उत्तराखंड बोर्ड रिजल्ट में बेटियों ने मारी बाजी (Img- Internet)
Ramnagar: उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (UBSE) ने शनिवार को हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए। इस साल भी छात्रों का प्रदर्शन बेहतर रहा, खासकर छात्राओं ने दोनों परीक्षाओं में बाजी मारी। कुल परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर दर्ज किया गया है।
हाईस्कूल परीक्षा में कुल 1,12,266 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 1,08,983 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 1,00,373 छात्र सफल घोषित किए गए। इस तरह कुल पास प्रतिशत 92.10% रहा। बालकों का पास प्रतिशत 88.03% रहा, जबकि बालिकाओं ने 96.07% के साथ शानदार प्रदर्शन किया। संस्थागत परीक्षार्थियों का परिणाम 92.4% और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 65.05% रहा।
हाईस्कूल मेरिट सूची में 207 छात्रों ने जगह बनाई। रामनगर (नैनीताल) के एमपी हिंदू इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत गोपाल ने 500 में 491 अंक (98.20%) हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। उत्तरकाशी के ईशांत कोठारी और नैनीताल की भूमिका पंत ने 490 अंक (98%) के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। बागेश्वर के योगेश जोशी तीसरे स्थान पर रहे।
UK Board Result 2026: UBSE ने जारी किए कक्षा 10वीं और 12वीं के नतीजे, ऐसे करें चेक
इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 1,02,986 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 1,00,452 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 85,499 छात्र सफल हुए और कुल पास प्रतिशत 85.11% रहा। यहां भी छात्राओं ने बाजी मारी। बालकों का पास प्रतिशत 81.93% और बालिकाओं का 88.09% दर्ज किया गया।
इंटरमीडिएट मेरिट सूची में 105 छात्रों ने स्थान बनाया। बागेश्वर की गीतिका पंथ और उधम सिंह नगर की सुषिला मेहंदी रत्ता ने 490 अंक (98%) के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया। देहरादून के आर्यन दूसरे और हरिद्वार की वंशिका तीसरे स्थान पर रहीं।
दोनों परीक्षाओं में बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रथम और द्वितीय श्रेणी में सफलता हासिल की। हाईस्कूल में 7,935 और इंटर में 7,814 छात्रों ने 75% से अधिक अंक प्राप्त किए। इससे यह साफ है कि छात्रों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है।
Uttarakhand: रंगे हाथ रिश्वत लेते पकड़ा गया उद्यान निरीक्षक
राज्य के शिक्षा मंत्री ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा का स्तर लगातार सुधर रहा है और छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
इस साल के नतीजों की सबसे खास बात यह रही कि छात्राओं ने हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया। चाहे पास प्रतिशत हो या मेरिट सूची, हर जगह बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
Location : Ramnagar
Published : 25 April 2026, 11:34 AM IST