हिंदी
स्कूल में चौकीदार की हत्या से सनसनी (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: जनपद में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक प्राइवेट स्कूल में चौकीदार का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम के साथ घटनास्थल की जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चौकीदार की हत्या किसी धारदार हथियार से सिर पर वार कर की गई है।
घटना Charthawal थाना क्षेत्र स्थित किड्स हेवन पब्लिक स्कूल की है, जहां करीब 4 साल से कार्यरत 50 वर्षीय चौकीदार राजकुमार उर्फ राजू की देर रात अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। बताया गया कि वह रात में ड्यूटी पर तैनात था तभी उस पर हमला किया गया।
घटना की जानकारी तब हुई जब सुबह स्कूल स्टाफ पहुंचा और परिसर में खून से लथपथ राजकुमार का शव पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने बारीकी से निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सनसनी: एक प्राइवेट स्कूल में चौकीदार का खून से लथपथ शव मिला। पुलिस ने फोरेंसिक व डॉग स्क्वॉड के साथ जांच शुरू की, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुरुआती जानकारी में धारदार हथियार से हत्या की आशंका। #Muzaffarnagar #UPNews pic.twitter.com/MIEOzbjRzV
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 25, 2026
मृतक के परिजनों का कहना है कि राजकुमार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि घटना के समय स्कूल के सीसीटीवी कैमरे बंद थे और बाद में फिर चालू मिले। उन्होंने निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
मृतक के भाई ने बताया कि राजू पिछले 4 साल से यहां नौकरी कर रहा था और रोजाना शाम को ड्यूटी पर आता था। सुबह 8 बजे घर लौटता था। घटना की जानकारी उन्हें सुबह फोन पर मिली। उन्होंने कहा कि परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं है और मामले की ईमानदारी से जांच होनी चाहिए।
सीओ सदर Ravishankar Mishra के अनुसार, सुबह वॉक पर निकले एक सिपाही को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि राजकुमार की उम्र लगभग 50 वर्ष थी और वह लंबे समय से स्कूल में कार्यरत थे। पुलिस ने एसओजी और स्थानीय टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी है। डॉग स्क्वॉड की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 25 April 2026, 10:45 AM IST
Topics : crime news muzaffarnagar news up crime UP News