बिहार में हैवानियत: 13 साल की दिव्यांग से दरिंदगी, गर्भवती हुई तो आरोपी ने पत्नी संग मिलकर कराया गर्भपात

बिहार के सहरसा में 55 वर्षीय पड़ोसी ने 13 वर्षीय दिव्यांग किशोरी से दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर आरोपी ने अपनी पत्नी संग मिलकर उसका जबरन गर्भपात करा दिया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 16 September 2026, 1:57 PM IST
google-preferred

Saharsa: बिहार के सहरसा जिले से इंसानियत और पड़ोस के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। सलखुआ थाना क्षेत्र के एक गांव में 55 साल के अधेड़ पर पड़ोस की ही 13 साल की दिव्यांग किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का घिनौना आरोप लगा है।

घटना इसी साल मार्च महीने की है, जब पीड़िता के माता-पिता अपना इलाज कराने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। घर में किशोरी को अकेला पाकर आरोपी उमेश यादव रात करीब 11 बजे दीवार फांदकर अंदर घुस आया और डरा-धमकाकर उसके साथ हैवानियत की हदें पार कर दीं।

गर्भवती हुई किशोरी तो उड़ गए होश, चुपके से कराया जबरन अबॉर्शन

वारदात के बाद आरोपी ने किशोरी को पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिससे सहमी मासूम चुप्पी साधे रही। लेकिन जब परिजनों को उसके गर्भवती होने का पता चला, तो पूरे मामले का भंडाफोड़ हो गया। विरोध करने पर आरोपी पक्ष द्वारा पीड़ित परिवार को गाली-गलौज और धमकियां दी जाने लगीं।

हद तो तब हो गई जब रक्षाबंधन के दिन माता-पिता के बाहर जाते ही आरोपी उमेश यादव अपनी पत्नी दुरो देवी के साथ मिलकर किशोरी को बहला-फुसलाकर एक निजी अस्पताल ले गया और वहां उसका जबरन गर्भपात करवा दिया।

बाढ़ पीड़ितों के बैंक खाते में सीधे आए 7000 रुपये: बिहार सरकार का बड़ा कदम, 8 लाख से ज्यादा परिवारों को मिली सीधी राहत

रोते-बिलखते परिजनों ने बयां किया दर्द, पीड़िता की मां पहुंची थाने

घर लौटने पर जब मासूम ने रोते हुए अपनी मां को आपबीती सुनाई, तो परिजनों के पांव तले जमीन खिसक गई। आरोपियों की लगातार मिल रही धमकियों से तंग आकर पीड़िता की मां ने सलखुआ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई और न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बीएनएस और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की कमान महिला सब-इंस्पेक्टर को सौंप दी है।

‘गोली मिस हुई तो कुदाल से प्रहार’: बिहार में दवा उधार न देने पर रची गई खौफनाक मौत की साजिश, कोर्ट के इस फैसले ने खड़े किए रोंगटे

महिला आरोपी हिरासत में, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

मामले की जानकारी देते हुए सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ निशीकांत भारती ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई है। पुलिस ने नामजद महिला आरोपी (उमेश यादव की पत्नी) को हिरासत में ले लिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और अदालत में धारा 164 के तहत उसके बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं, मुख्य आरोपी उमेश यादव फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Location :  Saharsa

Published :  16 September 2026, 1:57 PM IST

Advertisement