हिंदी
पीरियड पेन से तड़प रही दुल्हन पर पति का जुल्म (Img- Pinterest)
Gorakhpur: गोरखपुर के रामगढ़ताल इलाके की युवती की शादी दिल्ली निवासी निखिल मिश्रा से बड़े ही धूमधाम से हुई थी। शादी के बाद दोनों अपने सुनहरे भविष्य के सपने संजोकर अंडमान-निकोबार हनीमून मनाने पहुंचे थे। लेकिन किसे पता था कि प्यार और खुशियों की यह ट्रिप किसी खौफनाक बुरे सपने में बदल जाएगी।
हनीमून के दौरान अचानक दुल्हन की तबीयत बिगड़ी और उसे पीरियड्स शुरू हो गए। तेज दर्द और अत्यधिक ब्लीडिंग के कारण जब नवविवाहिता रोने लगी, तो सहानुभूति जताने के बजाय पति का राक्षसी रूप सामने आ गया।
आरोप है कि पीरियड्स आने से भड़का पति आपा खो बैठा। उसने तड़प रही पत्नी पर लात-घूंसों और थप्पड़ों की बरसात कर दी और जान से मारने की नीयत से उसका गला दबाने लगा। कमरे से आ रही चीख-पुकार सुनकर होटल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने लगातार दरवाजा खटखटाकर किसी तरह युवती की जान बचाई। इसके बाद भी पति का दिल नहीं पसीजा, उसने ससुर को फोन कर अभद्रता की और बेटी को ले जाने की धमकी दे डाली।
पीड़िता के पिता ने गोदभराई से लेकर शादी तक ब्रांडेड सामान, कार और 20 लाख नकद समेत करीब 40 लाख रुपये का भारी-भरकम दहेज दिया था। इसके बावजूद, जब पीड़ित दुल्हन दिल्ली स्थित अपने ससुराल पहुंची और सास संजू मिश्रा व ननद नेहा पांडेय को आपबीती सुनाई, तो उन्होंने मदद करने के बजाय उसे बेइज्जत किया। शादी के महज 45 दिन के भीतर ही उसे बेघर कर दिया गया।
घर से निकाले जाने के बाद भी पति व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकियां देता रहा। थानों के चक्कर काटने के बाद जब पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई, तो रामगढ़ताल थाने में पति निखिल मिश्रा, सास और ननद के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
Location : Gorakhpur
Published : 17 August 2026, 12:11 PM IST