हिंदी
दिल्ली के पालम इलाके में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हैं और हादसे की जांच जारी है। यहां पढ़ें इस खबर से जुड़ा सभी अपडेट…
हादसे के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम
New Delhi: दिल्ली के पालम में बुधवार सुबह जो हुआ, उसने एक परिवार की पूरी दुनिया छीन ली। आग की लपटों ने कुछ ही मिनटों में खुशियों को राख में बदल दिया। चीखें, धुआं और जान बचाने की जद्दोजहद के बीच एक-एक कर नौ जिंदगियां बुझ गईं। यह हादसा नहीं, बल्कि एक ऐसा मंजर था जिसे देखने वालों की रूह कांप गई।
पालम में आग का कहर
नई दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सुबह करीब 7:04 बजे पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद दमकल और रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचते ही चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल था और इमारत से काला धुआं तेजी से निकल रहा था।
इमारत में फंसा पूरा परिवार
जिस बिल्डिंग में आग लगी, उसके ग्राउंड और पहली मंजिल पर कपड़ों और कॉस्मेटिक का शोरूम था, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर मालिक राजेंद्र कश्यप का परिवार रहता था। आग लगने के बाद ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों के पास बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा, जिससे नुकसान और ज्यादा बढ़ गया।
9 लोगों की दर्दनाक मौत
इस हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। जिनमें तीन मासूम बच्चियां भी शामिल हैं। सभी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान प्रवेश, कमल, आशु, लाडो, हिमांशी, दीपिका और 3 नाबालिग बच्चियों के रूप में हुई है। एक साथ इतने लोगों की मौत से पूरे इलाके में मातम छा गया है।
जान बचाने के लिए कूदे लोग
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए इमारत से छलांग लगा दी। दो लोग नीचे कूद गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को भागने का मौका ही नहीं मिला।
दामाद जी पधारे अंगना, ससुर साहब हुए जानलेवा…आपको अंदर तक हिला देगी लखनऊ की ये खबर
घायलों का अस्पताल में इलाज
इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अनिल और एक दो साल की बच्ची का इलाज जारी है, जबकि सचिन को करीब 25 प्रतिशत तक जलने की चोटें आई हैं। उनका इलाज सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है।
घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन
आग पर काबू पाने के लिए करीब 30 दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया, जबकि 11 एंबुलेंस भी तैनात की गईं। पुलिस के साथ-साथ NDRF, बीएसईएस और एयरफोर्स की टीमें भी राहत कार्य में जुटी रहीं। संकरी गलियों के बावजूद दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।
जांच जारी, कारण अब भी साफ नहीं
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने इलाके को घेरकर फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट जैसी आशंका जताई जा रही है, लेकिन असली वजह जांच के बाद ही सामने आएगी।