हिंदी
गाजियाबाद के पंजाब एंड सिंध बैंक में गार्ड ने मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी। पूछताछ में सामने आया कि लगातार डांट और बेइज्जती के चलते आरोपी ने गुस्से में यह कदम उठाया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
Ghaziabad: गाजियाबाद में एक बैंक के भीतर जो हुआ, उसने हर किसी को हिला कर रख दिया। ड्यूटी, अनुशासन और नौकरी के बीच पनपा गुस्सा अचानक खून में बदल गया। एक मामूली विवाद इतना खतरनाक मोड़ ले लेगा, किसी ने सोचा भी नहीं था। लेकिन इस बार ट्रिगर दबा और एक मैनेजर की जिंदगी खत्म हो गई- वजह थी ‘बेइज्जती’ और अंदर ही अंदर सुलगता गुस्सा।
बैंक के अंदर बना खौफनाक मंजर
गाजियाबाद के Punjab & Sind Bank की एक शाखा में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बैंक मैनेजर अभिषेक शर्मा (36) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात किसी लूट या साजिश का हिस्सा नहीं थी, बल्कि आपसी विवाद का खौफनाक अंजाम निकली।
दामाद जी पधारे अंगना, ससुर साहब हुए जानलेवा…आपको अंदर तक हिला देगी लखनऊ की ये खबर
आरोपी गार्ड ने खोले राज
पुलिस पूछताछ में आरोपी गार्ड रविन्द्र ने जो बताया, वह चौंकाने वाला है। उसके मुताबिक मैनेजर अक्सर उसे डांटते-फटकारते थे। कई बार अन्य कर्मचारियों और महिला स्टाफ के सामने भी उसे अपमानित किया गया, जिससे वह अंदर ही अंदर टूटता जा रहा था। यह तनाव धीरे-धीरे गुस्से में बदलता गया, जिसने आखिरकार इस वारदात का रूप ले लिया।
फोन पर डांट बनी मौत की वजह
घटना वाले दिन रविन्द्र छुट्टी पर था और खेत पर मौजूद था। इसी दौरान मैनेजर का फोन आया और छुट्टी लेने को लेकर उसे जमकर डांट पड़ी। आरोपी के मुताबिक, यही वह पल था जब उसका गुस्सा काबू से बाहर हो गया। वह सीधे बैंक पहुंचा, ड्यूटी में इस्तेमाल होने वाली बंदूक उठाई और बिना कुछ सोचे-समझे मैनेजर के केबिन में घुसकर गोली चला दी। गोली लगते ही बैंक में अफरा-तफरी मच गई।
Chaitra Navratri 2026: इन 9 दिनों में भूलकर भी न करें ये काम, नहीं तो भक्ति हो जाएगी भंग
गिरफ्तारी और जांच का पूरा अपडेट
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी करीब 21 साल तक सेना में सेवा दे चुका है और रिटायरमेंट के बाद बैंक में गार्ड की नौकरी कर रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी आर्थिक मजबूरी के कारण नौकरी छोड़ नहीं पा रहा था, लेकिन लगातार हो रही बेइज्जती उसे मानसिक रूप से तोड़ रही थी।
CCTV में कैद पूरी वारदात
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी वारदात के बाद शांत तरीके से बंदूक लेकर बैंक से बाहर निकलता दिख रहा है। वहीं, पोस्टमॉर्टम के बाद अभिषेक शर्मा का शव परिजन पटना ले गए। जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।