हिंदी
11 हजार वोल्ट की लाइन ने छीन ली जिंदगी (IMG: Pinterest)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। उसहैत थाना क्षेत्र के दलेल नगर गांव में खेत पर शीशम के पेड़ से लकड़ी तोड़ रहे 32 वर्षीय युवक की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हाई वोल्टेज करंट लगते ही युवक बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
मृतक की पहचान जुलकरन (32) पुत्र अली अफसर, निवासी ग्राम भसुन्दरा, थाना उसहैत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जुलकरन दलेल नगर गांव के खेतों में मौजूद शीशम के पेड़ पर चढ़कर लकड़ी तोड़ रहा था। इसी दौरान पेड़ के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में वह आ गया। हाईटेंशन लाइन से करंट लगते ही जुलकरन गंभीर रूप से झुलस गया।
जुलकरन की मौत की खबर जैसे ही उसके परिवार तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि मृतक के छह छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिवार के मुताबिक जुलकरन ही घर की जिम्मेदारियां संभालता था। उसकी अचानक मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी और बच्चों का दर्द देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
घटना की सूचना मिलने के बाद उसहैत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय बदायूं भेज दिया। पुलिस की ओर से हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
बदायूं में लापरवाही बनी मौत की वजह, पानी के टैंक के नीचे दबकर मजदूर ने तोड़ा दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइनों की स्थिति को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिजली की लाइनें पेड़ों और खेतों के बेहद करीब या नीचे की ओर झुकी हुई हैं तो उन्हें दुरुस्त कराया जाना चाहिए।
Location : Budaun
Published : 18 September 2026, 3:01 PM IST