

जनपद में नए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) की तैनाती की गई है। जानिए डाइनामाइट न्यूज पर पूरी खबर
जनपद में नए अपर जिलाधिकारी न्यायिक की तैनाती
महराजगंज: उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों से तबादलों का दौर जारी है। सरकार ने एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए प्रदेश के 18 पीसीएस अधिकारियों का तबादला किया है। इन तबादलों की सूची में महराजगंज जनपद का भी नाम शामिल है। महराजगंज जनपद में नये अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) की तैनाती की गई है। नवनीत गोयल को जनपद में नए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) के रूप में नियुक्त किया गया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार नवनीत गोयल इससे पहले मेरठ में उप जिलाधिकारी के पद पर कार्यरत रहे।
नवनीत गोयल को अब शासन द्वारा महराजगंज में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस पद पर उनकी तैनाती को लेकर शासन ने बाकायदा आदेश जारी कर दिए हैं।
गौरतलब है कि महराजगंज में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) का पद बीते कुछ समय से स्थायी रूप से भरा नहीं गया था। इससे पहले भी एक अधिकारी की नियुक्ति हुई थी, लेकिन कुछ ही समय बाद यह पद फिर से खाली हो गया था। इस कारण कई न्यायिक व प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे।
अब नवनीत गोयल की तैनाती से उम्मीद की जा रही है कि न्यायिक प्रक्रिया और राजस्व मामलों की सुनवाई में गति आएगी।
प्रशासनिक जानकारों का मानना है कि नवनीत गोयल अनुभवी और सक्रिय अधिकारी हैं। उनके कार्यकाल में मेरठ जैसे संवेदनशील जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और राजस्व से जुड़े मामलों के समाधान में उल्लेखनीय प्रगति देखी गई थी। महराजगंज में उनकी नियुक्ति से जिला प्रशासन को मजबूती मिलने की संभावना है।
स्थानीय नागरिकों और अधिवक्ताओं ने भी नए एडीएम (न्यायिक) से न्यायिक मामलों के शीघ्र निस्तारण की उम्मीद जताई है। अधिवक्ताओं ने उम्मीद जतायी है कि नये एडीएम (न्यायिक) के आने से पैंडिग कार्यों मेें तेजी आयेगी। इसके साथ ही मामलों का त्वरित निस्तारण भी होगा।
अब देखना होगा कि नवनीत गोयल अपने नए कार्यक्षेत्र में कैसे काम करते हैं और जिले की न्यायिक व्यवस्था को कितना सुधारते हैं।