हिंदी
IAS नेहा मारव्या (Img- Instagram)
Bhopal: मध्य प्रदेश कैडर की 2011 बैच की सीनियर आईएएस अधिकारी नेहा मारव्या का एक साल के भीतर चौथी बार तबादला होने से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। महज 50 दिन में फिर से ट्रांसफर लिस्ट में नाम आने के बाद इस बार महिला आईएएस अधिकारी का सब्र टूट गया।
उन्होंने एमपी आईएएस एसोसिएशन के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में एक भावुक संदेश लिखकर अफसरशाही की पोल खोल दी है और मातहत कर्मचारियों के दबाव में हुए इस तबादले पर अपनी गंभीर नाराजगी जाहिर की है।
नेहा मारव्या ने अपने संदेश में बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने लिखा कि विभाग के कुछ कर्मचारियों ने उनके खिलाफ बगावत कर दी थी। वे फाइलें दबाकर बैठते थे और मेज पर हाथ पटककर तबादला कराने की खुली धमकी देते थे।
अधिकारी ने जब नियम के मुताबिक उनके इस बुरे बर्ताव और अनुशासनहीनता की शिकायत की, तो आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय खुद आईएएस अधिकारी का ही ट्रांसफर कर दिया गया।
आईएएस मारव्या ने सवाल उठाया कि क्या एक आईएएस अफसर इतना बेबस और कमजोर होता है कि उसके नीचे काम करने वाले कर्मचारी बगावत करके उसका तबादला करवा दें?
उन्होंने लिखा, "5 सितंबर की ट्रांसफर लिस्ट देखकर मैं विचलित हूं। 1 साल में यह मेरा चौथा तबादला है और महज 50 दिन पहले ही मैंने जॉइन किया था। जब तक मैं काम समझ पाती हूं, मेरा ट्रांसफर हो जाता है। मुझे अब आसान शिकार समझ लिया गया है।"
अपने संदेश के अंत में आईएएस अफसर ने लिखा कि हमेशा साजिश रचने वाले ही जीतते हैं और ईमानदार अफसर हार जाता है। सिस्टम ने उन्हें निराश किया है। आज उनकी बारी है, कल कोई और अधिकारी इसका शिकार बनेगा। 5 सितंबर के आदेश में उन्हें आदिम जाति क्षेत्रीय विकास योजनाओं का संचालक बनाया गया है। हालांकि, उनके इस दर्दभरे संदेश पर आईएएस एसोसिएशन ग्रुप के अन्य सदस्यों ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
Location : Bhopal
Published : 7 September 2026, 11:38 AM IST