हिंदी
IAS वरनाली डेका (Img- X)
New Delhi: जीवन में जब एक स्थापित और सुरक्षित करियर का विकल्प मौजूद हो, तब उसे छोड़कर कठिन चुनौतियों का सामना करना हर किसी के बस की बात नहीं होती। लेकिन असम के गुवाहाटी की रहने वाली वरनाली डेका ने साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों तो सफलता कदम चूमती है।
बी.टेक, एमबीए, एलएलबी और कॉमर्स में पीएचडी जैसी उच्च शैक्षणिक योग्यता हासिल करने के बाद वरनाली ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और एएनजेड बैंक जैसी दिग्गज कंपनियों में काम किया। हालांकि, कॉर्पोरेट जगत में सफलता मिलने के बावजूद उनका मन समाज सेवा और प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव लाने के लिए आतुर था, जिसके लिए उन्होंने यूपीएससी की कठिन परीक्षा देने का फैसला किया।
वरनाली डेका की लगन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने यूपीएससी के पहले ही प्रयास में देश भर में 82वीं रैंक हासिल की। इस शानदार सफलता के साथ उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए हुआ। IPS बनने के बाद भी उन्होंने अपने मुख्य सपने यानी IAS बनने की उम्मीद नहीं छोड़ी।
नौकरी और ट्रेनिंग के कड़े अनुशासन के बीच पढ़ाई जारी रखते हुए उन्होंने दोबारा परीक्षा दी और इस बार पूरे देश में 16वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल कर इतिहास रच दिया। वे असम-मेघालय कैडर में आईएएस के रूप में शामिल हुईं और लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी (LBSNAA) में ट्रेनिंग के दौरान पूर्वोत्तर के सर्वश्रेष्ठ अधिकारी के रूप में एल वी रेड्डी मेमोरियल पुरस्कार से नवाजी गईं।
असम-मेघालय कैडर में सेवाएं देते हुए वरनाली डेका ने बरपेटा, गोलाघाट, गोलपारा, कोकराझार और नलबाड़ी जिलों में उपायुक्त (DC) के रूप में अपनी अमिट छाप छोड़ी। कोकराझार में उनके द्वारा चलाए गए ‘पोषण कोकराझार’ अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली और इसे 'iGOT कर्मयोगी' प्लेटफॉर्म पर केस स्टडी के रूप में जगह दी गई।
अब उन्होंने एक और अनूठा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया है। वह भारत सरकार में संयुक्त सचिव (Joint Secretary) स्तर के पद पर नियुक्त होने वाली असम की पहली महिला आईएएस अधिकारी बन गई हैं।
IAS की कुर्सी पर अब बैठेंगे डॉक्टर साहब, हाईकोर्ट के एक हंटर ने बदल दिया UP का पूरा सिस्टम
वरनाली का व्यक्तिगत जीवन भी प्रशासनिक उत्कृष्टता की मिसाल है। उनके पति विवेक राज सिंह 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। हाल ही में उन्हें नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) में डिप्टी डायरेक्टर जनरल (DDG) के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है। मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले विवेक राज सिंह के नाम यह अनूठी उपलब्धि है कि उन्हें अपने सेवाकाल में बिहार, मध्य प्रदेश और असम-मेघालय जैसे तीन अलग-अलग कैडरों में काम करने का अवसर मिला है।
Location : New Delhi
Published : 6 September 2026, 10:49 AM IST