हिंदी
पनेवा में माघी पूर्णिमा और संत शिरोमणि रविदास जयंती श्रद्धा और सामाजिक समरसता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित बुद्ध मेला में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
Maharajganj: सदर विधानसभा क्षेत्र के पनेवा में माघी पूर्णिमा एवं संत शिरोमणि रविदास जयंती श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे के संदेश के साथ धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर विश्वदीप डॉ. भीमराव अंबेडकर बुद्ध बिहार सेवा समिति पनेवा-पनेई के तत्वावधान में माघी पूर्णिमा (बुद्ध बिहार पुनर्निर्माण घोषणा दिवस) समारोह एवं भव्य बुद्ध मेला का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने महराजगंज के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध के ननिहाल महाराज अंजन की भूमि महराजगंज का गौरव आने वाले समय में विश्व स्तर पर पहचान बनाएगा।
उन्होंने संत शिरोमणि रविदास जी के विचारों को याद करते हुए कहा कि वे सामाजिक समरसता और समानता के प्रतीक थे और उनकी वाणियां आज भी समाज को दिशा देती हैं।
बौद्धाचार्य श्रवण पटेल ने भगवान बुद्ध और संत रविदास के दर्शन को करुणा, समानता और भाईचारे का आधार बताया। कार्यक्रम में सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का अनुपम दृश्य देखने को मिला। बुद्ध मेला श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बना रहा।